ETV Bharat / state

सीधी-रीवा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बस और बाइक की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत

सीधी में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बस से टकराई बाइक, एक नाबालिग समेत 3 लोगों की मौत. सीधी-रीवा मुख्य मार्ग पर हुआ हादसा.

SIDHI ROAD ACCIDENT
सीधी भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 14, 2026 at 11:05 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सीधी: जमोड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई. जमोड़ी थाना क्षेत्र में सीधी-रीवा मुख्य मार्ग पर नकटा नाला के पास बस और एक बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें पनवार सेंगरान निवासी 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. घटना शाम 7 बजे की बताई जा रही है.

सीधी से रीवा जा रही थी बस

मृतकों की पहचान पनवार सेंगरान निवासी दीपक कोल (17), आशीष कोल (20) और मोहित कोल (18) के रूम में हुई है. तीनों युवक मेला देखकर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. जिससे मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया.

सीधी में सड़क हादसे में एक नाबालिग समेत 3 की मौत (ETV Bharat)

सीधी-रीवा मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी

हादसे की सूचना राहगीरों द्वारा डायल 112 पर दी गई, सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन युवकों को नहीं बचाया जा सका. घटना के बाद सीधी-रीवा मुख्य मार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.

बस कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस

जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि "घटना की सूचना मिलते ही मैं स्वयं मौके पर पहुंचा था. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से हुई. बस को पुलिस निगरानी में खड़ा कर दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है."