ETV Bharat / state

रिसोर्ट में शावक के साथ बाघिन का डेरा, 5 दिन के स्टे से पर्यटकों में दहशत

सीधी के एक होटल परिसर में विचरण कर रही है बाघिन, गाय और उसके बछड़े का किया शिकार.

SIDHI RESORT TIGRESS CAMPED
सीधी के एक होटल परिसर में विचरण कर रही है बाघिन (Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 5, 2026 at 5:30 PM IST

|

Updated : January 5, 2026 at 7:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सीधी: मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेबुहा स्थित एक रिसोर्ट में बीते 5 दिनों से एक बाघिन अपने शावक के साथ विचरण कर रही है. जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. होटल परिसर और आसपास लगातार बाघिन की मौजूदगी के कारण न सिर्फ होटल मालिक बल्कि कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण भी भयभीत हैं.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग

होटल परिसर के पिछले हिस्से में बने पार्क और खुले क्षेत्र में बाघिन की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है. रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि आवाजाही लगभग बंद हो जाती है और अनहोनी की आशंका बनी रहती है. होटल प्रबंधन ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

होटल परिसर में विचरण कर रही है बाघिन (ETV Bharat)

गाय और बछड़े का किया शिकार

रिसोर्ट के संचालक संतोष सिंह ने बताया कि "पिछले 5 दिनों से बाघिन और उसका एक शावक होटल परिसर के भीतर और आसपास घूमते देखे जा रहे हैं. हाल ही में बाघिन ने एक गाय और उसके बछड़े का शिकार भी किया था. इस भयावह स्थिति का सीधा असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ा है. बाहर से आने वाले पर्यटक अब होटल में ठहरने से कतरा रहे हैं. वहीं, होटल में कार्यरत कर्मचारी भी डर के साए में काम कर रहे हैं. सभी को अपनी जान का खतरा सता रहा है."

बफर जोन में विचरण कर रही है बाघिन

इस पूरे मामले को लेकर संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि "विभाग को बाघिन और शावक की मौजूदगी की सूचना मिली है. वन विभाग की टीम सतत निगरानी बनाए हुए है. बाघिन ब्यौहारी क्षेत्र के बफर जोन अंतर्गत विचरण कर रही है. वह होटल के पिछले हिस्से में बने पार्क क्षेत्र में ही रह रही है.

वन विभाग ने बढ़ाई गश्ती

वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. प्रशासन और वन विभाग की ओर से जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाने की बात कही जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके.

Last Updated : January 5, 2026 at 7:31 PM IST