ETV Bharat / state

फॉरेस्ट गार्ड के सामने आ धमका बाघ, बाइक छोड़ लगाई दौड़, ऐसे बची जान

सीधी के संजय टाइगर रिजर्व में फॉरेस्ट गार्ड के सामने अचानक आया बाघ, देखते ही गार्ड की बंधी घिग्घी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल.

SIDHI RSERVE TIGER VIDEO
फॉरेस्ट गार्ड के सामने आ धमका बाघ (Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : October 15, 2025 at 1:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सीधी: संजय टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में बुधवार सुबह एक ऐसा रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जिसे देखकर टूरिस्ट ही नहीं बल्कि वहां मौजूद फॉरेस्ट स्टाफ भी दंग रह गए. मॉर्निंग सफारी के दौरान गश्त कर रहे एक फॉरेस्ट गार्ड का अचानक बाघ से आमना-सामना हो गया. सामने से दहाड़ते हुए बाघ को देख गार्ड ने सूझबूझ दिखाई और अपनी बाइक छोड़ पास से गुजर रही टूरिस्ट गाइड टीम की जिप्सी में कूद गया. इस तरह उसकी जान बाल-बाल बच गई.

फॉरेस्ट गार्ड के सामने आया बाघ

यह घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, फॉरेस्ट गार्ड हर दिन गश्त पर जंगल के अंदर बाइक से निकला था. तभी अचानक झाड़ियों के बीच से एक बाघ निकलकर उसके सामने आ गया. देखते ही देखते बाघ ने गार्ड की बाइक के चारों ओर करीब आधा मिनट तक चक्कर लगाया, मानो अपने इलाके में किसी अजनबी की मौजूदगी पर नाराज हो. इस बीच, पास से ही सफारी पर निकली टूरिस्ट गाइडों की टीम वहां पहुंची. गार्ड ने मौके की नजाकत समझते हुए अपनी बाइक वही छोड़ दी और दौड़कर जिप्सी में सवार हो गया.

फॉरेस्ट गार्ड के सामने आया टाइगर (ETV Bharat)

टूरिस्ट गाइड बोले-मेरी जिंदगी का रोमांचक पल

टूरिस्ट गाइड श्रीराम गुप्ता ने बताया, "हमारी आंखों के सामने यह सब कुछ हुआ. फॉरेस्ट गार्ड के सामने अचानक बाघ आ गया, वह हमारी गाड़ी की तरफ भागा. यह उसके लिए डरावना पल था, लेकिन हमारे लिए जीवन का सबसे रोमांचक अनुभव था. टूरिस्ट टीम ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है."

SIDHI FOREST GUARD LEFT BIKE
बाइक के सामने आया बाघ (ETV Bharat)

कर्मचारी सुरक्षा का रखें ख्याल

इस मामले में संजय टाइगर रिजर्व के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने कहा कि "विभागीय स्तर पर जानकारी प्राप्त की गई है. उन्होंने कहा, "जंगल क्षेत्र में गश्त करने वाले सभी कर्मचारियों को सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी जाती है. टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, ऐसे में हर कर्मचारी को सतर्क रहना जरूरी है."