संजय टाइगर रिजर्व में दुर्लभ नजारा, गर्मी से निजात पाने पानी के गड्ढे में एक साथ 3 बाघ
संजय टाइगर रिजर्व में सफारी करने पहुंचे पर्यटकों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि एक साथ 3 बाघों के दीदार होंगे.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 29, 2026 at 12:21 PM IST
सीधी : संजय टाइगर रिजर्व के मंडोला बीट में सोमवार सुबह सफारी के दौरान पर्यटकों और वनकर्मियों को रोमांचक दृश्य देखने को मिला. एक साथ 3 बाघ एक गड्ढे में भरे पानी में आराम फरमाते देख टूरिस्ट खुशी से उछल पड़े. उमसभरी गर्मी से राहत पाने के लिए तीनों बाघ काफी देर तक पानी में बैठे रहे. इस सीन को पर्यटकों ने कैमरे में कैद कर लिया.
अलग टेरेटिरी बनाकर रहते हैं बाघ
मानसून की दस्तक के बावजूद विंध्य में उमस और गर्मी है. इंसानों के साथ ही जानवर भी गर्मी से परेशान हैं. संजय टाइगर पार्क में जानवर भी गर्मी से बचने के लिए ठंडी जगहों और पानी का सहारा ले हे हैं. वन्यजीव जलस्रोतों की ओर रुख कर रहे हैं. मंडोला बीट में 3 बाघों को एक साथ पानी में बैठा दिखाई देना, इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि सामान्यतः हर बाघ अपनी अलग टेरिटरी में रहना पसंद करता है. दूसरे बाघों की मौजूदगी से दूरी बनाए रखता है.
पर्यटकों की दिल की मुराद पूरी
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार एक साथ 3 बाघों का इस तरह पास-पास बैठना बहुत कम देखने को मिलता है. सफारी के दौरान जब पर्यटकों ने इस नजारे को देखा तो एक बार तो अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ. सफारी गाइड आंजनेय तिवारी ने बताया "एक साथ 3 बाघों का दिखना मुश्किल होता है. ऐसे दृश्य पर्यटकों के लिए यादगार बन जाते हैं. दूर-दूर से आने वाले पर्यटक संजय टाइगर रिजर्व में बाघों के दीदार की उम्मीद लेकर आते हैं और सोमवार को उन्हें रोमांचक दृश्य देखने का सौभाग्य मिला."

- खिवनी अभयारण्य में 10 साल बाद अधिराज की दादागिरी, टेरिटोरियल फाइट में युवराज बाघ लहूलुहान
- मध्य प्रदेश के स्टेट हाईवे पर बाघों का कब्जा, पचमढ़ी के कार सवारों पर घात लगाकर हमला
टाइगर रिजर्व के जलस्रोतों में पर्याप्त पानी
संजय टाइगर रिजर्व के डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया "3 बाघों के एक साथ दिखाई देने से पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों में काफी उत्साह है. सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. भीषण गर्मी को देखते हुए वन विभाग लगातार जल स्रोतों में पानी उपलब्ध कराने और वन्यजीवों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा है."

