ETV Bharat / state

सीधी में नेशनल हाईवे पर संभलकर, यहां 10 फीट गहरा मौत का गड्ढा, गाय गिरी

सीधी से निकलने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 39 कई सालों से समस्याग्रस्त. हाईवे की बदहाली किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है.

Sidhi nh 39 Dilapidated
नेशनल हाईवे 39 पर 10 फीट गहरा गड्ढा (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : June 4, 2026 at 1:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सीधी : सीधी-सिंगरौली को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 की बदहाली को लेकर क्षेत्रवासी परेशान हैं. 12 साल से निर्माण कार्य चलने के बावजूद मुख्य मार्ग के बीचोंबीच 10 फीट गहरा गड्ढा जानलेवा साबित हो रहा है. मंगलवार देर रात एक गाय इस गड्ढे में गिरकर घायल हो गई. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला. यहां वाहन चालक भी अक्सर हादसे के शिकार हो रहे हैं.

सड़क के अंदर का हिस्सा खोखला होने का संदेह

लोगों का कहना है कि सड़क का यह हिस्सा अंदर से पूरी तरह खोखला हो चुका है. कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. यह राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. सिंगरौली, सीधी और रीवा के बीच आवागमन का प्रमुख साधन यह हाइवे है. यहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. सड़क के बीच बने जानलेवा गड्ढे से वाहनचालक दहशत में रहते हैं.

नेशनल हाईवे 39 पर खतरनाक गड्ढा, हादसे का सबब (ETV BHARAT)

हाईवे का 12 साल से निर्माण कार्य जारी

इस सड़क का निर्माण कार्य बीते लगभग 12 वर्ष पहले शुरू हुआ था. उस समय करीब 468 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की योजना बनाई गई थी, लेकिन एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी. फिर सितंबर 2025 में पुनः 569 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण का नया टेंडर जारी किया गया, लेकिन आज भी कई हिस्सों में सड़क अधूरी और बदहाल स्थिति में है. इस सड़क का अब तक 3 बार भूमिपूजन हो चुका है.

Sidhi nh 39 Dilapidated
हाईवे के गड्ढे में गिरी गाय को सुरक्षित निकाला गया (ETV BHARAT)

सांसद और विधायक सड़क पर कर चुके हैं हवन

वर्ष 2025 में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और राज्य मंत्री राधा सिंह ने सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग को लेकर बीच सड़क पर बैठकर हवन-पूजन भी किया था. इसके बाद भी सड़क निर्माण की रफ्तार और गुणवत्ता दोनों सवालों के घेरे में हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. यहां किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई थी. इस संबंध में सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा का कहना है "मौके पर संबंधित विभाग की टीम को भेजा जाएगा तथा आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा."