आदिवासी महिला का हत्यारा कौन? घने जंगल की दुर्गम गुफा में कंबल में लिपटा मिला कंकाल
सीधी के कुंदौर से 15 दिन पहले लापता 30 वर्षीय बैगा आदिवासी महिला का शव बरामद. पति पर संदेह गहराया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 27, 2026 at 3:06 PM IST
सीधी : कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी चौकी के कुंदौर गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब घने जंगल के बीच स्थित माटी डोंगर पहाड़ की गुफा में कंबल में लिपटा हुआ कंकाल मिला. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि यह कंकाल करीब 15 दिन से लापता चल रही गुड़िया पति बुद्धसेन बैगा का है.
डेडबॉडी 15 दिन पुरानी लग रही
सीधी जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित इस गुफा तक पहुंचना आसान नहीं है. किसी ग्रामीण ने बुधवार को गुफा के भीतर कंबल में लिपटा शव देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. इसकी सूचना मिलते ही पोड़ी चौकी और कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने जब कंबल हटाकर देखा तो देखा कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और लगभग कंकाल में तब्दील हो चुका था. ग्रामीणों ने उसकी पहचान गुड़िया बैगा के रूप में की.
पति ने किसी को सूचना नहीं दी
स्थानीय ग्रामीण सत्यवान बैगा ने बताया "गुड़िया करीब 15 दिन से लापता थी, जबकि उसका पति बुद्धसेन बैगा भी पिछले दो दिन से गांव में दिखाई नहीं दे रहा है." ग्रामीणों का कहना है कि पत्नी के गायब होने के बाद भी बुद्धसेन ने न तो उसे तलाशने की कोशिश की और न ही किसी को इसकी जानकारी दी, जिससे अब संदेह और गहरा गया है. थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया "ग्रामीणों द्वारा शव की पहचान गुड़िया बैगा के रूप में की गई है. शव काफी पुराना है और उसे कंबल में लपेटकर गुफा में रखा गया था."
- खेलते-खेलते छात्र गायब, घर के पास ही पॉलीथिन में खून से सना शव मिला
- एकतरफा प्यार में हैवान बना जीजा, साली को पाने की चाहत में दो बच्चों का कत्ल
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा. घटनास्थल पर थाना प्रभारी कुसमी अरुणा द्विवेदी, चौकी प्रभारी पोड़ी डीके रावत ने सबूत जुटाने की कोशिश की. करीब 30 वर्षीय महिला की रहस्यमयी मौत अब इलाके में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.

