सीधी में घर में आग लगने से 3 मासूम जिंदा जले, दरवाजे पर ताला डालकर राशन लेने गई थी मां
सीधी में एक चिंगारी से जिंदा जल गए 3 मासूम. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका. मनोज शुक्ला की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 23, 2026 at 6:05 PM IST
सीधी: जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम काशीहवा में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया. यहां एक घर में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से 3 मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन का आरोप है कि जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक बच्चों समेत घर जल चुका था.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ. ग्रामीणों के मुताबिक घर के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में पहले स्पार्किंग हुई, जिससे पास रखे बांस में आग लगी और देखते ही देखते आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया. उस समय घर बाहर से बंद था और अंदर 3 छोटे बच्चे मौजूद थे, जो बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए.
3 मासूमों की जिंदा जलकर मौत
इस दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 6 वर्षीय धुम्मू उर्फ संध्या साकेत और 3 वर्षीय एक अन्य मासूम की जिंदा जलकर मौत हो गई. पिता रामरतन साकेत ने बताया, "वह मजदूरी के लिए सीधी शहर गए थे, जबकि बच्चों की मां राशन लेने दुकान गई थी. इस दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी. जब तक वह पहुंचे, तब तक पूरा घर जल चुका था." ग्रामीणों का कहना है कि घर को बाहर से बंद कर मां राशन लेने गई थी. गांव वालों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची.

कलेक्टर ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इस मौके पर सिटी कोतवाली पुलिस सहित प्रशासनिक अमला भी पहुंचा. कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.
- इंदौर में 7 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, लोगों का किया रेस्क्यू, आग पर पाया काबू
- जबलपुर के बाजार में लगी आग, 7 दुकानें खाक, एक दिन पहले हाई कोर्ट ने दी थी चेतावनी
थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया, "प्रथम दृष्टया यह मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का प्रतीत हो रहा है. जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है. प्रथम दृष्टया यह मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का प्रतीत हो रहा है. गांव में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है.

