जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर देना होगा जोर, सीधी की बैगा बस्ती में बोले राज्यपाल मंगुभाई पटेल
सीधी में राज्यपाल मंगुभाई पटेल का जनजातीय समुदाय संवाद, एनीमिया पीड़ितों से मिले,हर संभव मदद करने अधिकारियों को दिए निर्देश.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 5:05 PM IST
सीधी: मझौली जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत परसिली और चमराडोल में जनजातीय समुदाय से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. यहां उनका ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया. कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया.
एनीमिया पीड़ित परिवारों से राज्यपाल ने की मुलाकात
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने सीधी दौरे पर बैगा आदिवासी बस्ती पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी. उनकी जरूरतों को गंभीरता से लिया और अधिकारियों को उसे पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने इस दौरान विशेषकर सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और सामाजिक चुनौतियों के बार में जाना. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे परिवारों को आवश्यक आर्थिक सहायता, चिकित्सा सुविधाएं और निरंतर निगरानी उपलब्ध कराई जाए.
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा, "जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और जागरूकता बढ़ाना प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को समय पर उपचार मिल सके."

सरकारी योजनाओं के लाभ उठाने की बात कही
कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मध्य प्रदेश में संचालित योजनाओं और विकास कार्यो के बारे में लोगों को बताया. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा करते हुए, स्थानीय लोगों को इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कही. इसके साथ ही समाज के जागरूक और समझदार व्यक्तियों को आगे आकर पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान में अपनी भूमिका निभाने की अपील की.

आजीविका मिशन से जुड़कर महिलाएं कर रही हैं कमाई
कार्यक्रम के दौरान आजीविका मिशन से जुड़ी सदस्य साधना ने बताया, "आजीविका मिशन के तहत मैंने समूह से जुड़ी और छोटी-छोटी बचत करना शुरू की. इसके बाद लोन लेकर मैंने सिलाई मशीन खरीदी और अपना रोजगार शुरू किया. आज मेरी महीने के 10-15 हजार रुपए कमाई हो जाती है. इसके साथ ही मैं आजीविक मिशन के तहत बीमा का भी कार्य करती हूं. मैं शासन के हर योजना जैसे लाडली बहना योजना, उज्जवला योजना, पीएम आवास योजना और आयुष्मान योजना का भी लाभ ले रही हूं."
- राज्यपाल मंगुभाई पटेल सिकलसेल एनीमिया को लेकर चिंतित, इस बीमारी को खत्म करने के ये तरीके बताए
- इंदौर के सरकारी अस्पताल में मोटापे का फ्री इलाज, आयुष्मान योजना से बचेंगे 4 से 5 लाख
वहीं, इस कार्यक्रम के दौरान सीधी के कलेक्टर स्वरोचिस सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के 300 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहे.

