हाथियों ने कराई 25 गांवों की बत्ती गुल, अंधेरे में होगा सीधी के ग्रामीणों का गुजारा
सीधी के 25 गांवों में रहेगा अंधेरा, हाथियों के मूवमेंट के बाद वन विभाग का फैसला, ग्रामीणों से अलर्ट रहने की अपील.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 22, 2026 at 4:41 PM IST
|Updated : February 22, 2026 at 5:13 PM IST
सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के 25 गांवों में दो दिनों तक अंधेरा छाया रहेगा. इसकी सबसे बड़ी वजह कोई और नहीं बल्कि हाथी हैं. जी हां ग्रामीण अंचलों में हाथियों की मौजूदगी ने प्रशासन और वन अमले की चिंता बढ़ाकर रख दी है. सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए अधिकारियों ने 25 गांवों में अगले दो दिनों तक एहतियातन रात में बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया है. जहा रविवार को हाथियों के मूवमेंट की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके.
हाथियों के मूवमेंट पर नजर, ग्रामीणों को अंधेरा रखने की अपील
वही वन विभाग के एसडीओ बादशाह रावत ने बताया कि "हाथियों की गतिविधियों पर लगातार सतत निगरानी रखी जा रही है. वहीं लगभग 35 कर्मचारियों की टीम प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में तैनात है, जो हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है. जहां उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, घरों की बिजली स्वेच्छा से बंद रखें और रात में केवल मोमबत्ती या सुरक्षित वैकल्पिक प्रकाश का उपयोग करें. जिससे हाथियों को आकर्षित करने वाली तेज रोशनी से बचा जा सके.
पानी की व्यवस्था रखने की अपील
वहीं इस मामले मे वन रक्षक पंकज मिश्रा ने भी गांव-गांव सूचना पहुंचाने की पहल करते हुए कई ग्रामों अकोरी, भोलगढ़, ठाकुरदेवा, बेलदह, करणपुर, नौगवा, मिर्चवार, चूल्ही, बारिगवां, बढ़ौरा, पुरुषोत्तमगढ़, झगरहा, हनुमानगढ़, चौहानी, धनिगवां, नौसा, दुधमनिया, सेमरिया, कुबरी, कठौतहा, दुअरा, पावा और सर्रा में हाथियों की संभावित मूवमेंट की चेतावनी दी है. साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखने और आपसी समन्वय के साथ सूचना साझा करने का आग्रह किया है, क्योंकि परिस्थितियों के अनुसार कभी भी बिजली बंद करवाई जा सकती है.

- सीधी के बरदैला अंचल के खेतों में धमाचौकड़ी मचा रहे जंगली हाथी, दहशत में ग्रामीण
- हाथियों का मानसून ट्रिप, बांधवगढ़ टू शहडोल, जंगल से गांव तक कर रहे मौज
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कदम केवल सुरक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है. हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में तेज रोशनी, शोर-शराबा और अनावश्यक भीड़ से बचने की सलाह दी गई है. साथ ही, यदि किसी भी स्थान पर हाथी दिखाई दें, तो तत्काल वन विभाग को सूचित करने की अपील की गई है.

