ETV Bharat / state

संभल में PAC की जमीन पर बनी मजार ध्वस्त, बुलडोजर चलाकर खाली कराई गई जमीन

पीएमसी के लिए करीब 407 बीघा जमीन खरीदी गई थी, कुछ हिस्से पर हो रही थी खेती

संभल में पीएसी की जमीन कब्जामुक्त कराई गई.
संभल में पीएसी की जमीन कब्जामुक्त कराई गई. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 8:15 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

संभल: जिले के हयातनगर इलाके में पीएसी के लिए खरीदी गई जमीन के एक बड़े हिस्से को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की है. दतावली गांव में प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर कथित अवैध कब्जे को ध्वस्त कराते हुए जमीन कब्जा मुक्त कराई. बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 में पीएसी की स्थापना के लिए करीब 407 बीघा जमीन खरीदी गई थी. इसी जमीन के एक हिस्से में मजार बनाए जाने और कुछ हिस्सों में खेती किए जाने की बात सामने आई. मामला संज्ञान में आने के बाद राजस्व विभाग की टीम और पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को अंजाम दिया.

संभल में पीएसी की जमीन कब्जामुक्त कराई गई. (Video Credit; ETV Bharat)

पीएसी की स्थापना के लिए खरीदी गई जमीन के एक हिस्से पर कथित तौर पर अवैध कब्जा होने की जानकारी प्रशासन को मिली थी. जमीन पर मजार स्थापित किए जाने की बात भी सामने आई. साथ ही जमीन के कुछ हिस्से पर लोग खेती भी करने लगे थे. जब इसकी जानकारी प्रशासन को हुई तो कब्जामुक्त कराने के लिए एक्शन लिया गया. स्थानीय अधिकारियों के साथ ही पुलिसकर्मी भी सुरक्षा के मद्देनजर पहुंचे.

तहसील प्रशासन ने राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया. टीम ने जमीन की स्थिति की जानकारी लेने के बाद कथित अवैध कब्जे को हटाने की आज कार्रवाई शुरू की. तहसीलदार सुधीर कुमार ने बताया कि मौके पर मौजूद मजार को लेकर जांच में पता चला कि वहां करीब 50 साल पुराने पीपल के पेड़ को काटकर लगभग दो साल पहले मजार स्थापित की गई थी.

मजार के निर्माण के संबंध में भी जांच की गई और इसके बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई. वहीं, करीब 407 बीघा जमीन में लगभग 15 बीघा जमीन ग्राम समाज की बताई जा रही है. प्रशासन की ओर से जमीन की पैमाइश और राजस्व अभिलेखों के आधार पर स्थिति स्पष्ट किए जाने की बात कही गई है. पीएसी के लिए खरीदी गई जमीन के कुछ हिस्से में खेती किए जाने की बात भी सामने आई थी. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर खेती वाले हिस्से को भी खाली कराया.

इसके बाद कथित अवैध कब्जे को ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया. बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रशासन ने जमीन को पीएसी के सुपुर्द कर दिया. कार्रवाई के दौरान मौके पर राजस्व विभाग की टीम के साथ पीएसी के जवान और पुलिस बल भी मौजूद रहा. तहसीलदार का कहना है कि पीएसी की स्थापना के उद्देश्य से खरीदी गई जमीन का इस्तेमाल उसी उद्देश्य के लिए किया जाना है.

यह भी पढ़ें: संभल के ऐतिहासिक सौंधन किले का संरक्षण; 21 परिवारों का सरकारी जमीन के पट्टे दिए गए