ETV Bharat / state

उत्तराखंड में कांग्रेस के 3 नेताओं को कारण बताओ नोटिस, पिथौरागढ़ जिला महिला कार्यकारिणी भी भंग, जानिए मामला

पिथौरागढ़ में 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' में गुटबाजी मामले में कांग्रेस के 3 नेताओं पर चला अनुशासनहीनता का चाबुक, जिला महिला कांग्रेस कार्यकारिणी भी हुई भंग

Factionalism in Uttarakhand Congress
पिथौरागढ़ में 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' में कांग्रेस में दिखी गुटबाजी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 30, 2026 at 7:09 PM IST

|

Updated : June 30, 2026 at 7:15 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: पिथौरागढ़ में आयोजित 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' के दौरान अनुशासनहीनता पर कांग्रेस पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी के दौरान मंच पर हुए असहजता मामले पर 3 पार्टी नेताओं पर अनुशासन का चाबुक चलाया गया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे घोर अनुशासनहीनता माना है, जिसके चलते तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. साथ ही उन्हें 3 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है. वहीं, पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पिथौरागढ़ में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया था. जहां पर पार्टी नेता महेंद्र सिंह लुंठी, दीपक और महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी ने अनुशासनहीनता करते हुए मंच से अभद्रता की, जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है. तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण दिए जाने को कहा गया है.

गुटबाजी मामले में 3 नेताओं पर चला अनुशासनहीनता का चाबुक (वीडियो सोर्स- ETV Bharat)

"निश्चित तौर पर अगर मंच से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के सामने अगर कोई नेता इस प्रकार की अभद्रता करता है, तो यह बिल्कुल गलत बात है. अगर तीनों नेताओं को अपनी बात रखनी थी, तो उन्हें पार्टी के उचित प्लेटफार्म पर रखना चाहिए था, लेकिन अगर मंच से अगर इस प्रकार की हरकत की गई है, तो फिर यह अनुशासनहीनता के दायरे में आता है."- राजेंद्र शाह, प्रदेश महामंत्री, उत्तराखंड कांग्रेस

फिलहाल, इन तीनों नेताओं को अनुशासनहीनता के दायरे में रखा गया है. अब कांग्रेस पार्टी की अनुशासन समिति के समक्ष रिपोर्ट को प्रेषित किया जाएगा. समिति के अध्यक्ष क्या फैसला लेते हैं और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष क्या निर्णय लेते हैं? वो सब अनुशासन समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा, लेकिन बीजेपी हो या अन्य दल इसे कांग्रेस में अंतर्कलह और गुटबाजी के तौर पर देख रही है.

पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग: पिथौरागढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान गणेश गोदियाल की मौजूदगी में मंच से अपनी बात रखने वाले तीन नेताओं से पार्टी ने तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है, तो वहीं पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.

Factionalism in Uttarakhand Congress
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पत्र (फोटो सोर्स- Uttarakhand Congress)

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पिथौरागढ़ में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया था, जहां पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में आयोजित किए गए कार्यक्रम में पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी ने पार्टी मंच पर गंभीर अनुशासनहीनता की है.

इस घटना के संज्ञान में आने के बाद और सम्मेलन के दौरान आई परिस्थितियों को देखते हुए संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को भंग किया जाता है. जिसके बाद पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है.

Factionalism in Uttarakhand Congress
पिथौरागढ़ में 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' में गुटबाजी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

क्या था मामला? दरअसल, हुआ कुछ यूं कि 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' के दौरान पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी के अपना संबोधन शुरू किया. भावना नगरकोटी ने नगर निकाय चुनाव में टिकट और पार्टी से अलग होकर काम करने को लेकर पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर पर परोक्ष रूप से आड़े हाथों ले लिया.

इसके बाद विधायक मयूख महर मंच पर ही नाराज हो गए और अपने समर्थकों के साथ सभागार छोड़कर बाहर निकल गए. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने मामले को संभालने की कोशिश की. उन्होंने भावना नगरकोटी से संबोधन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने बोलना जारी रखा.

Factionalism in Uttarakhand Congress
पिथौरागढ़ में 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

इस दौरान खुद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी अपनी सीट से उठकर स्थिति संभालने पहुंचे, लेकिन तब तक विधायक मयूख महर विरोध जताते हुए मंच से निकल चुके थे. वहीं, विधायक मयूख महर के उठते ही उनके समर्थक भी सभागार से बाहर निकलने लगे. इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल के सामने ही 'मयूख महर मुर्दाबाद' के नारे लगाने लगे. जिससे सम्मेलन का माहौल गरमा गया.

संबंधित खबर पढ़ें-

Last Updated : June 30, 2026 at 7:15 PM IST