शिवपुरी खरीद केंद्र में 9 दिन से नहीं हो रही तुलाई, भूखे-प्यासे किसान वेयर हाउस के बाहर बैठ
शिवपुरी के बदरवास तहसील में वेयर हाउस में नहीं हो रही तुलाई, खरीद केंद्र में भूखे-प्यासे बैठे किसान,कांग्रेस की शिकायत के बाद हरकत में प्रशासन.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 7, 2026 at 8:12 AM IST
शिवपुरी: मध्य प्रदेश में इन दिनों एमएसपी पर गेहूं की खरीदी चल रही है. जिसे लेकर सभी खरीदी केंद्रों में तमाम व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से लेकर कई प्रशासन अधिकारी निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्थाओं को दुरस्त करने के निर्देश दे रहे हैं. इसके बाद भी कई कृषि मंडी में अव्यवस्थाएं देखने मिल रही हैं. वहीं शिवपुरी में बदरवास के बांके बिहारी वेयर हाउस में संचालित खरीदी केंद्र में तो खरीदी ही नहीं हो रही है. किसान परेशान खरीदी केंद्र के बाहर बैठे हुए हैं.
बांके बिहारी वेयर हाउस में तुलाई नहीं
बताया जा रहा है कि पहले अटलपुर सहकारी समिती द्वारा मंडी में तुलाई की जा रही थी, लेकिन वहां व्यापारियों द्वारा भी खरीदी की जा रही थी. खरीद केंद्र पर उपज बेचने वाले किसानों के साथ-साथ सामान्य किसान भी पहुंच रहे थे. ऐसे में अव्यवस्था हो रही थी. इस पर आदेश जारी किए गए कि एमएसपी के तहत खरीदी वेयर हाउस में की जाए. इसी क्रम में अटलपुर सेवा सहकारी संस्था की खरीदी बांके बिहारी वेयर हाउस पर होने लगी, लेकिन यहां समिति किसानों की उपज की तौल करने तैयार नहीं है.

9 दिन से तुलाई नहीं, कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत
किसानों का कहना है कि खरीद केंद्र के कर्ताधर्ताओं का कहना है कि जब तक उसका पूरा माल मंडी से उठकर गोदाम तक नहीं आ जाता है, जब तक वह तुलाई नहीं करेंगे. खरीद केंद्र पर पिछले 9 दिन से तुलाई नहीं होने का खुलासा, उस समय हुआ जब बदरवास के कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अर्जुन इकलौदिया 7 मई को होने वाले आंदोलन में किसानों का सहयोग मांगने के लिए खरीद केंद्र पर पहुंचे. तुलाई नहीं होने से किसान खरीदी केंद्र के बाहर बैठे हैं, कि उनकी फसल की तुलाई हो जाए. कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने शिकायत कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव को दर्ज कराई. जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया.
तुलाई नहीं होने से किसान परेशान
मामले में किसान राहुल शर्मा ने कहा कि "वह चार दिन से अपनी फसल लेकर तुलाई के लिए खरीद केंद्र पर पड़ा है, लेकिन समिति के लोग किसानों के कहने के बाद भी तुलाई करने तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि जब मंडी से हमारा पूरा माल उठ जाएगा, तब तुलाई करेंगे." किसान भाईजी यादव ने कहा कि "हम 28 तारीख से अपनी उपज लेकर तुलाई के लिए यहां पर पड़े हैं, लेकिन समिति के कर्ताधर्ताओं की मनमानी का आलम यह है कि वह हमारी फसल तौलने को ही तैयार नहीं हैं. यहां कोई अधिकारी न तो मॉनीटरिंग के लिए आ रहा है, न ही व्यवस्थाएं देखने के लिए."
- मुख्यमंत्री की सक्रियता देख मैदान में उतरे खाद्य मंत्री, खरीदी केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण
- MSP पर फसल खरीदी में चल रहा था खेल, सागर कलेक्टर ने पकड़ी गड़बड़ी, दिए सख्त निर्देश
तहसीलदार बोले-शुरू कराई तुलाई
बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव ने कहा कि "जानकारी मिलते ही मैं शाम को खरीद केंद्र पर पहुंचा. शाम को ही किसानों को टोकन वितरित करवाए हैं. आज एक ट्राली तुलवा दी है. गुरुवार से वहां 4 कांटे शुरू हो जाएंगे और तुलाई नियमित रूप से शुरू हो जाएगी."

