हाथ में जूते, पैरों में कीचड़, सिंधिया के क्षेत्र में बच्चों की रोज परीक्षा, शिकायतों के बाद भी बदहाल सड़क
शिवपुरी के कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, रोजाना होते हैं लेट, शिकायत के बाद भी नहीं बन सकी सड़क.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 20, 2026 at 12:10 PM IST
|Updated : August 20, 2026 at 12:31 PM IST
शिवपुरी: स्कूल जाने वाले बच्चों के हाथ में किताबें और पैरों में जूते होने चाहिए, लेकिन शिवपुरी शहर के वार्ड नंबर-1 बछोरा में बारिश के दिनों में तस्वीर कुछ अलग नजर आती है. यहां सड़क पर फैली कीचड़ और पानी के कारण स्कूली बच्चों को जूते हाथ में लेकर रास्ता पार करना पड़ रहा है. कीचड़ भरा रास्ता पार करने के बाद बच्चे साफ जगह पहुंचकर जूते पहनते हैं और फिर स्कूल की ओर जाते हैं.
बारिश में कीचड़ का समुंद्र बन जाती है सड़क
बारिश के दौरान सड़क की हालत इतनी खराब हो जाती है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है. बच्चों के कपड़े और स्कूल ड्रेस तक गंदी हो जाती है. कई बार इसी वजह से बच्चे स्कूल पहुंचने में देर कर देते हैं. स्कूल पहुंचने पर शिक्षक पूछते हैं- लेट क्यों होते हो बेटा? लेकिन बच्चों की मजबूरी यह है कि उन्हें रोज इसी बदहाल रास्ते से गुजरना पड़ता है.
शिकायत के बाद भी नहीं बन सकी सड़क
स्थानीय निवासी महिला भभूति ने बताया कि, ''यह समस्या एक दो सालों की नहीं, बल्कि कई सालों से चली आ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि, सड़क की समस्या को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से लेकर नगर पालिका के अधिकारियों तक शिकायत की जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ है.''

- विदिशा में स्कूल जल्दी जाने की जिद, ऊफनती बेतवा नदी के स्टॉप डैम को फांद रहे स्कूली बच्चे
- मानसून के ऐसी बेरुखी, छिंदवाड़ा के 67 स्टॉप डैम पूरी तरह सूखे, पीने के पानी को तरस जाएंगे
- मध्य प्रदेश की 2 तस्वीरें, सिंगरौली में नदी पार करते बच्चे, भोपाल में स्कूल के सामने जमा गंदगी
स्थानीय लोगों का सवाल है कि, आजादी के दशकों बाद भी बच्चों को स्कूल जाने के लिए सड़क की जगह कीचड़ से होकर गुजरना पड़े, तो विकास के दावों का क्या मतलब है. लोगों का कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ऐसी सड़क चाहिए जिस पर बच्चे बारिश में भी सुरक्षित तरीके से स्कूल पहुंच सकें. अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को कब गंभीरता से लेता है और बछोरा के बच्चों को इस रोज की परेशानी से कब राहत मिलती है.
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रतिनिधि हरिओम राठौर का पक्ष
इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर से ईटीवी संवाददाता ने फोन पर बातचीत की. उन्होंने कहा कि "मामला उनकी जानकारी में आया है और इसे संबंधित एथोरेटी के जरिए दिखवाया जाएगा. जल्द से जल्द सड़क की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा." उन्होंने बताया कि "इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष से भी बातचीत कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी."
शिवपुरी नगर पालिका सीएमओ का पक्ष
इस मामले में शिवपुरी नगर पालिका सीएमओ यशवंत राठौर का पक्ष जानने के लिए ईटीवी संवाददाता की तरफ से कई बार फोन किया गया. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकापक्ष सामने नहीं आ पाया. उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. जैसे ही सीएमओ का जवाब आएगा हम उनके बयान को प्रमुखता से जगह देंगे.

