कूनो चीता प्रोजेक्ट डायरेक्टर के बयान की PMO में शिकायत, वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट ने उठाए सवाल
कूनो नेशनल पार्क के डायरेक्टर उत्तम शर्मा के बयान पर विवाद. वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने पीएमओ में की शिकायत. यतीश कुमार की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 21, 2026 at 3:58 PM IST
शिवपुरी: माधव टाइगर और कूनो नेशनल पार्क के डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा की एक पोस्ट पर वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने कड़ा एतराज जताया है. वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी उत्तम कुमार शर्मा ने सोशल मीडिया पर यह पोस्ट की है. इस पोस्ट में उन्होंने दिमागी नक्सल शब्द का इस्तेमाल किया है. इसी को लेकर वन्य जीव कार्यकर्ता आपत्ति जता रहे हैं.
पीएमओ में की शिकायत
वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन बताते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में शिकायत दर्ज कराई है. वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने उनकी इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि "तेंदुए के शिकार मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने वन्य जीव कार्यकर्ताओं और गैर-सरकारी संगठनों के संदर्भ में दिमागी नक्सल शब्द का प्रयोग किया है. इसी को लेकर पीएमओ में शिकायत की है."
उत्तम कुमार शर्मा ने सोशल मीडिया पर किया था पोस्ट
चीता प्रोजेक्ट के डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने 17 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया एक्स पर कूनो नेशनल पार्क में तेंदुए के शिकार और उसकी खाल की तस्करी से जुड़ी एक पोस्ट शेयर की थी. इस मामले में एक वन्य जीव एनजीओ की संदिग्ध भूमिका सामने आ रही थी. पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने वनकर्मियों को सतर्क रहने की हिदायत दी थी. उन्होंने लिखा था कि "बाहरी लोगों या खुद को वाइल्डलाइफ एक्टिविस्ट बताने वालों के साथ गोपनीय जानकारी शेयर न करें. इसमें उन्होंने स्पष्ट कहा कि सैटेलाइट या अन्य माध्यमों से ट्रैक किए जा रहे जानवरों की सटीक लोकेशन सिर्फ अधिकृत कर्मचारियों को ही मिलनी चाहिए किसी अज्ञात या बाहरी व्यक्ति को नहीं."

इसके अलावा उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "हर कोई जो वन्य जीवों की मदद का दावा करता है, जरूरी नहीं कि वह जमीनी हकीकत समझता हो या उसके इरादे नेक हों. हर जगह दिमागी नक्सल वाले लोग मौजूद हैं और हमें इन्हीं से निपटना है, सतर्क रहें."

वन्य जीव कार्यकर्ता ने पोस्ट पर जताया कड़ा ऐतराज
वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने इस पोस्ट पर कड़ा एतराज जताते हुए इसे अखिल भारतीय सेवा के आचरण नियमों का उल्लंघन बताया. अजय दुबे ने 17 अगस्त 2026 को जारी अपनी पोस्ट में आरोप लगाया, "कूनो में तेंदुए का शिकार रोकने में नाकाम रहने के बाद अधिकारी ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने याद दिलाया कि जब यह अधिकारी पन्ना टाइगर रिजर्व में तैनात थे तब एक रेडियो कॉलर वाले बाघ का शिकार हो गया था और विभाग को इसकी खबर एक महीने बाद लगी थी."
- चीतों से जुड़ी मांगी जानकारी, तो विभाग के उड़े होश, प्रोजेक्ट डायरेक्टर किए गए तलब
- कूनो चीता प्रोजेक्ट में करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप, EOW को शिकायत, बकरों के वजन और खरीद पर सवाल
उन्होंने यह भी लिखा, "आरटीआई का उल्लंघन करने के बाद अब यह अधिकारी अपने वरिष्ठों के साथ मिलकर अपने खिलाफ लंबित मामलों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं." अजय दुबे ने इस पूरे मामले की शिकायत पीएमओ में की है. इस मामले में चीता प्रोजेक्ट के डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा के पक्ष का ईटीवी भारत को इंतजार है.

