शिवपुरी में RPF जवान के आगे हाथ जोड़ खड़े हो गये सिंधिया, तरीफ में पढ़े कसीदे किया सैल्यूट
शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर महिला की जान बचाने वाले फुर्तीले जवान की जांबाजी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया सलाम. यतीश प्रधान की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 4:31 PM IST
|Updated : September 2, 2026 at 5:09 PM IST
शिवपुरी: अपनी जान की परवाह किए बिना शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री को मौत के मुंह से खींच लाने वाले आरपीएफ जवान के साहस का हर कोई कायल हो गया है. रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सोमवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस जांबाज जवान वीरेन्द्र तिवारी को विशेष रूप से अपने पास बुलवाकर उसकी बहादुरी का सम्मान किया और पीठ थपथपाई. केंद्रीय मंत्री और आरपीएफ जवान की इस आत्मीय मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रहा है.
सिंधिया ने की आरपीएफ जवान की तारीफ
केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बहादुर जवान वीरेन्द्र तिवारी के सामने अपने दोनों हाथ जोड़कर उसकी बहादुरी को सलाम ठोक कर उसकी पीठ थपथपाई. रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रहे हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लाल स्वाफी पहनाकर जवान का स्वागत किया और उसके गले में माला पहनकर उससे कहा कि आप जैसे जवानों की इस देश को बड़ी जरूरत है. इसके बाद जाते-जाते उन्होंने जवान को सैल्यूट किया तो जवान ने भी तुरंत सैल्यूट कर उनका आभार जताया.
निरीक्षण के दौरान जवान से मिलने की जताई इच्छा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जब शिवपुरी रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का जायजा लेने सोमवार को पहुंचे, तो उन्होंने इस घटना का संज्ञान लेते हुए जवान से मिलने की इच्छा जताई. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ड्यूटी पर तैनात उस बहादुर जवान को अपने पास बुलाया और उसका अभिवादन किया और कर्तव्यनिष्ठा के साथ फर्ज निभाने के लिए उसकी जमकर प्रशंसा की. केंद्रीय मंत्री ने जवान का हौसला बढ़ाया और उसकी जांबाजी को सलाम किया.
चलती ट्रेन में चढ़ने समय महिला का बैलेंस बिगड़ा
शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर 29 अगस्त 2026 को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया था. पुरानी शिवपुरी निवासी 36 साल की निर्मला ठाकुर सुबह करीब 10 बजे शिवपुरी रेलवे स्टेशन पहुंची थीं. उन्हें अशोकनगर जाना था और वह ग्वालियर-बीना ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रही थीं. इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी. जल्दबाजी के कारण निर्मला ने चलती ट्रेन में ही चढ़ने का प्रयास किया और उनका बैलेंस बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में गिरकर फंस गईं.

- चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी, देवदूत बनकर आया आरपीएफ जवान
- पलक झपकते आ जाती मौत! बैतूल-सागर में चलती ट्रेन से गिरे यात्री, RPF ने ऐसे बचाई जान
- ग्वालियर में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसी महिला, देवदूत बन आरपीएफ जवान ने बचाई जान
आरपीएफ जवान ने बचाई थी महिला यात्री जान
प्लेटफॉर्म पर मुस्तैद आरपीएफ जवान वीरेन्द्र तिवारी की नजर इसी दौरान उस पर पड़ गई. पलक झपकते ही जवान ने दौड़ लगाई और अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में गिरती हुई महिला को मजबूती से पकड़कर प्लेटफॉर्म की तरफ खींच लिया. जवान की इस त्वरित सूझबूझ और फुर्ती के चलते महिला की जान बाल-बाल बच गई. यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी, जिसके बाद से ही जवान की फुर्ती की हर तरफ सराहना हो रही है.

