ETV Bharat / state

शिवपुरी में तेज आंधी के साथ ओलावृष्‍ट‍ि, आसमान से आफत गिरने से फसलों को भारी नुकसान

शिवपुरी में अचानक बदला मौसम का मिजा, भारी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की सरसों, चना, गेहूं और टमाटर की फसलें चौपट

SHIVPURI HEAVY HAILSTORM
शिवपुरी में ओले गिरने से किसानों की फसलें बर्बाद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 23, 2026 at 9:14 PM IST

|

Updated : February 23, 2026 at 9:22 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सोमवार दोपहर को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे किसानों में चिंता का माहौल उत्पन्न हो गया. देखते ही देखते किसानों की खुशियां कुछ ही मिनटों में गम में बदल गईं. तेज हवाओं के साथ आसमान से बरसी बर्फीली मार ने खेतों में तैयार खड़ी फसलों को जमीन पर गिरा दिया. सरसों, चना, गेहूं और टमाटर जैसी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है.

आंधी के साथ बार‍िश और ओलावृष्‍ट‍ि

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले की पिछोर करेरा और नरवर तहसील में अचानक मौसम खराब होने से किसानों की मुश्किल बढ़ गई है. यहां जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई है, जिसके तहत लालगढ़ डोगरा और राजश्री जैसे गांव में बड़े पैमाने पर किसानों को नुकसान हुआ है. सोमवार दोपहर में बादल छाने के बाद तेज बारिश हुई, जिसके बाद ओलावृष्टि शुरु हो गई.

शिवपुरी में भारी बारिश और ओले से किसानों की सरसों, चना और गेहूं फसलें बर्बाद (ETV Bharat)

एमपी पर पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम बदलने की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है. जिससे तेज शीत लहर, कोहरा और बारिश के साथ ओलावृष्टि जैसी स्थितियां बनी हैं. प्रशासन ने टीम गठित करके मौसम में हुए बदलाव की वजह से फसलों को नुकसान का निरीक्षण करने का काम शुरू कर दिया है.

SHIVPURI HEAVY RAIN AND HAILSTORM
शिवपुरी में तेज आंधी के साथ बार‍िश और ओलावृष्‍ट‍ि (ETV Bharat)

बारिश ने किसानों को रुलाया

स्थानीय किसान ब्रजभान सिंह ने बताया, "मेरे खेतों में चने की फसल खड़ी थी. होली के आसपास चना काटने के लिए तैयार होता है. लेकिन इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने सब बर्बाद कर दिया." वहीं एक अन्य किसान राम दयाल सिंह ने बताया, "हम आस लगाए बैठे थे कि इस बार अच्छी खेती होगी, लेकिन इस बार की खेती ने हमें रुला दिया. बारिश आसमान से गिरी और पानी हमारी आंखों से निकल रहा है. ओलावृष्टि ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है."

जिला कलेक्टर रविंद्र चौधरी ने बताया, "शिवपुरी के कई इलाकों में ओलावृष्टि की खबर मिली है. हमने प्रशासन की टीम को अलर्ट रहने के आदेश जारी किए हैं. जल्द ही सर्वे करा कर नुकसान का आकंलन किया जाएगा और आगे की कार्रवाई करेंगे."

Last Updated : February 23, 2026 at 9:22 PM IST