शिवपुरी में सब्जियों की खरीद में करोड़ों की ठगी, यूपी के व्यापारी ने पहले जीता विश्वास फिर दिया धोखा
शिवपुरी में करीब 50 किसानों से एक फर्जी व्यापारी ने हरी सब्जियों की खरीदी की और फिर करोड़ों का भुगतान किए बगैर हुआ फरार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 5:59 PM IST
शिवपुरी: उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी द्वारा देहात थाना क्षेत्र के दर्जनों किसानों से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है. यहां एक कथित व्यापारी ने किसानों से बाजार भाव से अधिक भाव में हरी सब्जियां खरीदी और किसानों के रुपये दिए बिना दुकान बंद कर फरार हो गया. पीड़ित किसानों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला निवासी फिरासत अली के रूप में हुई है.
किसानों से सब्जी खरीदकर फरार हुआ व्यापारी
पूरा मामला देहात थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे स्थित सैंया होटल के करीब का है. आरोप है कि यहां उत्तर प्रदेश के कथित व्यापारी ने करीब 50 किसानों से बाजार भाव से अधिक कीमत में सब्जियों की खरीदी की. आरोपी ने पहले किसानों और थोक सब्जी विक्रेताओं को सब्जियों का नगद भुगतान किया. इसके बाद उनका भरोसा जीतकर उधार खरीदना शुरू कर दिया.
किसानों का भरोसा जीतकर की बड़ी ठगी
सब्जी खरीददार फिरासत अली (50) साल 2024 के नवंबर महीने में सब्जी कारोबारी बनकर शिवपुरी आया था. उसने शिवपुरी के सैंया होटल में किराए का मकान लेकर सब्जी खरीदने का कारोबार शुरू किया. यहां फिरासत अली आसपास के किसानों से टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, प्याज, लहसुन, गाजर, मक्का सहित अन्य सब्जी खरीदता था. शुरू में किसानों को समय पर भुगतान किया. उसके बाद भरोसा जीतकर स्थानीय किसानों और थोक सब्जी व्यापारियों से बड़ी मात्रा में सब्जियां उधार खरीदने लगा और उन्हें बाहर की मंडियों में बेच देता था.
आरोपी व्यापारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी ने किसानों का विश्वास बनाए रखने के लिए कुछ किसानों और व्यापारियों के खातों में रुपए ट्रांसफर किए. इसके बाद जब किसानों और व्यापारियों को उस पर भरोसा हो गया तो उसने कई लोगों को चेक से भुगतान किया. जब कर्ज बढ़ गया तो रातों रात अचानक से फरार हो गया. पीड़ित किसानों ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई. शुक्रवार को आरोपी फिरासत अली गुपचुप तरीके से शिवपुरी आया था. जहां पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है.
यूपी में भी कर चुका है ठगी
इस पूरे मामले पर देहात थाना प्रभारी जितेंद्र मावई ने कहा कि "आरोपित फिरासत अली लोगों का विश्वास जीतने के बाद उनके साथ धोखाधड़ी करके फरार हो जाता है. शिवपुरी से पहले यह उत्तर प्रदेश में भी कई लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दे चुका है. शुरुआती जांच में पता चला है कि उसके खिलाफ यूपी में भी धोखाधड़ी के 2 आपराधिक केस दर्ज हैं."
- MSP को लेकर बड़ा अपडेट, 13 जनवरी के पहले नहीं किया ये काम तो हो सकता है बड़ा नुकसान
- छतरपुर में मुंह पर काली पट्टी बांध कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, पटवारियों के कारनामे खोले
स्थानीय सब्जी व्यापारी सत्यम कुशवाह का कहना है कि मेरा करीब 63 लाख रुपए बकाया है. वहीं एक अन्य किसान पूरन सिंह राठौर ने बताया कि उनका करीब 20 लाख रुपए बकाया है. इसके अलावा सतीश कुशवाह नामक किसान ने बताया कि फिरासत ने मेरा करीब 8 लाख 60 हजार रुपए का भुगतान नहीं किया है. इसी तरह करीब 50 किसानों का लगभग 3 करोड़ रुपए लेकर फरार हो गया.

