शिंकुला दर्रा बहाल, जांस्कर-कारगिल होते हुए फिर लद्दाख से जुड़ा हिमाचल
दारचा से शिंकुला दर्रे के रास्ते जांस्कर, कारगिल होते हुए लद्दाख घाटी तक वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 6, 2026 at 8:47 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले से होकर लद्दाख को जोड़ने वाला अहम शिंकुला दर्रा एक बार फिर वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है. करीब दो सप्ताह पहले भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग बंद हो गया था, जिससे लद्दाख, जांस्कर और कारगिल की ओर जाने वाला संपर्क पूरी तरह ठप हो गया था. अब मौसम साफ रहने के चलते प्रशासन और बीआरओ की कड़ी मेहनत से इस मार्ग को फिर से खोल दिया गया है.
दारचा से शिंकुला दर्रा फिर खुला
दारचा से शिंकुला दर्रे के रास्ते जांस्कर, कारगिल होते हुए लद्दाख घाटी तक वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है. हालांकि अभी इस मार्ग पर केवल फोर बाय फोर वाहनों को ही अनुमति दी गई है. दर्रे के आसपास अब भी 6 से 8 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसके चलते सामान्य वाहनों की आवाजाही को फिलहाल सुरक्षित नहीं माना जा रहा है.
प्रशासन का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम साफ बना रहता है तो अन्य श्रेणी के वाहनों को भी इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जा सकती है. इससे लद्दाख जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अभी लोग कारगिल होते हुए लद्दाख पहुंच सकते हैं और वापसी में केलांग व मनाली का रुख कर सकते हैं.
बर्फ हटाने में जुटा BRO
सीमा सड़क संगठन (BRO) की ओर से सड़क को सुरक्षित बनाने और बर्फ हटाने का कार्य लगातार जारी है. भारी हिमपात के बाद सड़क को फिर से बहाल करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन बीआरओ की टीम ने समय पर काम करते हुए मार्ग को आंशिक रूप से खोल दिया है. अगले महीने से मनाली-लेह सड़क मार्ग की बहाली का कार्य भी शुरू किया जाएगा.
अप्रैल तक खुल सकती है मनाली-लेह सड़क
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल रहा तो आने वाले दिनों में शिंकुला दर्रे की ओर पर्यटकों की आवाजाही भी शुरू की जा सकती है. साथ ही लाहौल घाटी की अन्य बंद सड़कों से भी बर्फ हटाने का काम जारी है. उम्मीद है कि अप्रैल महीने तक मनाली-लेह सड़क मार्ग भी पूरी तरह से वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा.
ये भी पढे़ं: हिमाचल की अनुष्का ने परीक्षा पे चर्चा 2026 में PM मोदी से किया सीधा संवाद, कहा- अब परीक्षा डर नहीं, उत्सव लगती है

