ETV Bharat / state

विंटर कार्निवल 2025: शिमला में आज से नए साल के 'जश्न' की बहार, हर शाम होगी खास

विंटर कार्निवल और नए साल के जश्न के लिए पहाड़ों की रानी शिमला तैयार है. आज से विंटर कार्निवाल का शुभारंभ होगा.

SHIMLA WINTER CARNIVAL 2025
विंटर कार्निवाल 2025 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 23, 2025 at 10:32 PM IST

|

Updated : December 24, 2025 at 12:35 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: नए साल के स्वागत से पहले हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला एक बार फिर उत्सव और रंगारंग कार्यक्रमों से गुलजार होने जा रही है. 24 दिसंबर से 1 जनवरी तक शिमला में विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा. लगातार तीसरे वर्ष हो रहे इस कार्निवाल का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे. इस आयोजन के जरिए शिमला में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक ही मंच पर हिमाचली संस्कृति, लोक संगीत, नाटी, खानपान और मनोरंजन का भरपूर आनंद मिलेगा.

24 दिसंबर को CM करेंगे कार्निवाल का शुभारंभ

विंटर कार्निवाल की शुरुआत 24 दिसंबर को होगी. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे. उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे. जिला प्रशासन और नगर निगम शिमला कार्निवाल को सफल बनाने के लिए पूरी तरह जुटा हुआ है. राज्य सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के जरिए शिमला में पर्यटन को बढ़ावा देना और नए साल से पहले उत्सव का माहौल तैयार करना है.

शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान (ETV Bharat)

पर्यटकों को एक मंच पर मिलेगा 'हिमाचली रंग'

शिमला में लगातार तीसरे वर्ष विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर हिमाचली संस्कृति, लोक नृत्य, संगीत, पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय व्यंजनों का अनुभव मिलेगा. कार्निवाल के जरिए पहाड़ी परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच देने का भी प्रयास किया जा रहा है.

विंटर कार्निवाल को देखते हुए शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थल रिज मैदान और माल रोड को खास तौर पर सजाया गया है. रिज मैदान सांस्कृतिक संध्याओं के लिए पूरी तरह तैयार है. रिज से माल रोड तक दुकानें सजाई गई हैं, जहां पहाड़ी हस्तकला, पारंपरिक वस्तुएं और स्थानीय उत्पाद लोगों को आकर्षित करेंगे. इसके साथ ही पहाड़ी खानपान से लेकर फास्ट फूड तक के स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे पर्यटकों का स्वाद दोगुना होगा.

SHIMLA WINTER CARNIVAL 2025
जश्न के लिए तैयार पहाड़ों की रानी शिमला (ETV Bharat)

सेल्फी प्वाइंट्स बनेंगे शिमला की यादों का हिस्सा

कार्निवाल के दौरान शहर के कई हिस्सों में खास सेल्फी प्वाइंट्स बनाए गए हैं. इन सेल्फी प्वाइंट्स के जरिए शिमला का इतिहास, संस्कृति और खूबसूरती लोगों की तस्वीरों में कैद होगी. पर्यटक इन प्वाइंट्स पर फोटो खिंचवाकर अपनी शिमला यात्रा की यादें संजो सकेंगे.

महानाटी और सांस्कृतिक परेड होंगे खास आकर्षण

शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा, "विंटर कार्निवाल के दौरान महानाटी और सांस्कृतिक परेड का आयोजन किया जाएगा. महानाटी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी हिस्सा लेंगे. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हिमाचली लोकगीतों और नाटी की धुन पर थिरकते नजर आएंगे. सांस्कृतिक परेड में प्रदेश के सभी 12 जिलों की पारंपरिक वेशभूषा और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी."

24 से 1 जनवरी तक सांस्कृतिक संध्याओं से सजेगी शाम

महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि 24 दिसंबर से 1 जनवरी तक हर शाम सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा. इन कार्यक्रमों में देश और प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. नगर निगम का उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय कलाकारों को मंच मिले और उनकी प्रतिभा लोगों के सामने आए.

SHIMLA WINTER CARNIVAL 2025
24 दिसंबर से होगा विंटर कार्निवाल का आगाज (ETV Bharat)

शुरुआती तीन दिन संगीत और नाटी के नाम

24 दिसंबर को कार्निवाल की पहली सांस्कृतिक संध्या संगीत के नाम रहेगी. सारेगामा फेम पायल ठाकुर और पंजाबी गायक रोहनप्रीत सिंह अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे. 25 दिसंबर को रॉक म्यूजिक प्रेमियों के लिए ‘तत्व रॉक बैंड’ प्रस्तुति देगा, वहीं प्रसिद्ध पहाड़ी गायक अरुण जस्टा नाटी से माहौल बनाएंगे. 26 दिसंबर को पहाड़ी गायक दिलीप सिरमौरी और हरियाणवी गायक विवेक राघव दर्शकों का मनोरंजन करेंगे.

SHIMLA WINTER CARNIVAL 2025
विंटर कार्निवाल के लिए सजा रिज-माल रोड (ETV Bharat)

सूफी और लोक संगीत से सजेगी 27 और 28 दिसंबर की शाम

27 दिसंबर को हिमाचली गायक हेमंत शर्मा, पॉपस्टार फाइनलिस्ट इंद्रजीत सिंह और ग्लोबल सिंगिंग सेंसेशन राजीव राजा की प्रस्तुतियां होंगी. 28 दिसंबर को चंबा की लोक गायकी को इशांत भारद्वाज पेश करेंगे. इसी दिन इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा और सूफी संगीतकार डॉ. नीता पांडे भी मंच संभालेंगे.

साल के आखिरी दिनों में बड़े कलाकारों की प्रस्तुति

29 दिसंबर को सारेगामापा विनर संचिता भट्टाचार्य की प्रस्तुति रहेगी. उनके साथ किन्नौरी सिंगर बीरबल किन्नौरा और पहाड़ी गायक काकू ठाकुर भी मंच पर नजर आएंगे. 30 दिसंबर को पहाड़ी गायक कुलदीप शर्मा और इंडियन आइडल फेम कुमार साहिल अपनी गायकी से महफिल सजाएंगे.

SHIMLA WINTER CARNIVAL 2025
सेल्फी प्वाइंट्स बनेंगे शिमला की यादों का हिस्सा (ETV Bharat)

31 दिसंबर को पुलिस बैंड और नए साल पर कॉमेडी का तड़का

31 दिसंबर की शाम हिमाचल पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइन’ संगीत का जादू बिखेरेगा. पंजाबी गीतकार गौरव कौंडल और पहाड़ी गायक किशन वर्मा भी प्रस्तुति देंगे. नए साल के पहले दिन मशहूर कॉमेडियन एहसान कुरैशी लोगों को हंसी के ठहाकों से गुदगुदाएंगे. इसके अलावा बॉलीवुड सिंगर हेमा सरदेसाई भी अपनी आवाज से लोगों को झूमने का मौका देंगी.

ये भी पढ़ें: क्रिसमस-न्यू ईयर के लिए शिमला शहर में लागू होगा विशेष प्लान, ओशिन शर्मा को मिली इस सेक्टर की जिम्मेदारी

Last Updated : December 24, 2025 at 12:35 PM IST