शिमला में सजा 'प्यार का बाजार', वैलेंटाइन डे पर युवाओं का दिल जीत रहे ये खास हैंडमेड गिफ्ट्स
वैलेंटाइन डे से पहले शिमला में एक खास प्रदर्शनी लगी है. जिसमें बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 13, 2026 at 9:10 PM IST
शिमला: वैलेंटाइन डे के मौके पर राजधानी शिमला में ‘प्यार का बाजार’ सज गया है. ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के टेवरन हॉल में खास कला प्रदर्शनी आयोजित की गई है, जहां युवाओं के लिए सुंदर और अनोखे हैंडमेड गिफ्ट उपलब्ध हैं. वैलेंटाइन वीक को ध्यान में रखते हुए लगाई गई इस प्रदर्शनी में हर उम्र के लोग पहुंच रहे हैं और अपने खास लोगों के लिए यादगार उपहार खरीद रहे हैं.
हैंडमेड गिफ्ट गिफ्ट बने खास आकर्षण
प्रदर्शनी में 9 स्थानीय कलाकारों की हैंडमेड वस्तुएं और पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं. यहां क्रोशिया से बने रंग-बिरंगे गुलाब, सूरजमुखी के फूल, आकर्षक गुलदस्ते, पौंचू और क्रॉप वूलन टॉप लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं. हाथ से तैयार एक खास गुलदस्ता 8 हजार रुपये तक में उपलब्ध है. युवाओं का कहना है कि मशीन से बने गिफ्ट की बजाय हाथ से बनी चीजों में अलग ही अपनापन और भावनाएं होती हैं.
छोटे बजट में भी खास तोहफे
यहां मिनिएचर पेंटिंग और फ्रिज मैग्नेट पेंटिंग भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. क्ले पर सुंदर फ्रेम बनाकर एक्रेलिक रंगों से तैयार किए गए फ्रिज मैग्नेट छोटे और किफायती गिफ्ट के रूप में पसंद किए जा रहे हैं. प्रदर्शनी में वैलेंटाइन कार्ड, की-रिंग, नेकलेस, ब्रेसलेट और सजावटी वस्तुएं भी रखी गई हैं. इनकी कीमत 50 रुपये से शुरू होकर 5 हजार रुपये तक है, जिससे हर वर्ग के लोग अपनी पसंद का उपहार खरीद सकते हैं.

कलाकार पवित्रा ने बताया कि उन्होंने वैलेंटाइन वीक के लिए विशेष क्रोशिया उत्पाद तैयार किए हैं, जिन्हें युवा काफी पसंद कर रहे हैं. वहीं, कलाकार पल्लवी राणा और दिव्या जंदावे ने वैलेंटाइन थीम पर खास फ्रिज मैग्नेट डिजाइन किए हैं. उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों से कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है.

संस्कृति और इतिहास की झलक
प्रदर्शनी में हिमाचल की संस्कृति, मंदिरों और शिमला की ऐतिहासिक इमारतों को पेंटिंग्स के जरिए दर्शाया गया है. पहाड़ी मिनिएचर शैली और प्राकृतिक दृश्यों पर आधारित कलाकृतियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं. पेंटिंग्स की कीमत 500 रुपये से शुरू होकर 30 हजार रुपये तक है, जबकि सबसे महंगी पेंटिंग 40 हजार रुपये की है.

इस प्रदर्शनी में पुनीत, रेशमा, पवित्रा, पल्लवी राणा, संयोगिता, सारिका, श्यामा, दिव्या जंदावे और इशिता शर्मा की कृतियां शामिल हैं. आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और लोगों को अपने प्रियजनों के लिए कुछ अलग और खास उपहार चुनने का मौका मिलता है.
ये भी पढ़ें: धूमल-अनुराग के फोटो पर बीजेपी मे बवाल, समर्थक बोले भर गया है पाप का घड़ा

