ETV Bharat / state

रोड रेज में हद पार! शराब के नशे में घर तक पीछा कर कार पर दागी गोली, पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

कुमारसैन में कार पास करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कार पर फायरिंग कर दी.

Road Rage Firing in Kumarsain
कुमारसैन में कार पास करने को लेकर विवाद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 24, 2026 at 12:18 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले रोड रेज और गुंडागर्दी का बेहद गंभीर मामला सामने आया है. कुमारसैन थाना क्षेत्र में कार को पास देने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने कथित तौर पर एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने के बाद उसका घर तक पीछा किया और वहां खड़ी कार के टायर पर बंदूक से गोली चला दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है.

कुमारसैन में रोड रेज में हद पार!

पुलिस के अनुसार, डकोलु गांव के रहने वाले शिकायतकर्ता संजीव कुमार शनिवार को अपने घर लौट रहा थे. शाम करीब 7:30 बजे केवड़ धार कंदरू के समीप सामने से आ रही मारुति 800 कार ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया. मोंडी धार कंदरू के रहने वाले विक्की और पप्पू कार में सवार थे. शिकायतकर्ता का आरोप है कि, दोनों युवक शराब के नशे में थे और गाड़ी पास करने को लेकर संजीव कुमार के साथ बहस व धक्का-मुक्की करने लगे. इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर कार में रखी 12 बोर की बंदूक निकालकर उसे धमकाया. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उस समय विवाद शांत हो गया और संजीव अपने घर चला गया.

घर तक पीछा कर कार पर दागी गोली

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद दोनों युवक संजीव का पीछा करते हुए उसके घर डकोलु पहुंच गए. आरोप है कि घर के बाहर खड़ी संजीव की कार के अगले टायर पर बंदूक से फायर किया गया और दोनों मौके से फरार हो गए. संजीव को रात में हुई इस घटना का पता नहीं चला. सुबह जब उसने कार का टायर फटा हुआ और उस पर गोली के निशान देखे तो उसने तुरंत कुमारसैन पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, "पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की टीम आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुटी है. साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश जारी है."

ये भी पढ़ें: आईआईएम सिरमौर छात्र मौत मामला: IIM प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज, मृतक के पिता ने लगाए थे गंभीर आरोप

ये भी पढ़ें: आपदा के बाद भी नहीं सुधरी स्कूलों की हालत, आज भी बजट का इंतजार, सरकार ने बताया कितनों के लिए जारी हुआ पैसा?