शिमला वासी ध्यान दें! एक महीने तक बंद रहेगी शहर की ये मुख्य सड़क, वैकल्पिक मार्ग का करें इस्तेमाल
प्रशासन ने शहरवासियों से सहयोग करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है ताकि काम समय पर पूरा हो सके.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 19, 2026 at 1:08 PM IST
शिमला: राजधानी शिमला में अगले एक महीने तक लोगों को ट्रैफिक से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. शहर के वीवीआईपी इलाके में आने वाली एक महत्वपूर्ण सड़क 21 मई से 20 जून तक पूरी तरह बंद रहेगी. प्रशासन की ओर से इसको लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं. ऐसे में शहरवासियों को पहले से ही अपने आने-जाने की योजना बनानी होगी.
कौन-सी सड़क रहेगी बंद?
मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर के गेट नंबर-2 से लोक भवन को जोड़ने वाला मार्ग एक महीने तक वाहनों के लिए बंद रहेगा. इस दौरान इस सड़क पर किसी भी तरह की आवाजाही नहीं हो सकेगी. जिला प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है.
क्यों बंद किया जा रहा है रास्ता?
दरअसल, शिमला शहर में अंडरग्राउंड यूटिलिटी डक्ट बनाने का काम चल रहा है. इसी परियोजना के तहत अब मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर से गवर्नर हाउस और लोक भवन को जोड़ने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. इसके लिए सड़क को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया गया है.
क्या है अंडरग्राउंड यूटिलिटी डक्ट योजना?
राज्य सरकार बड़े शहरों में बिजली, इंटरनेट और अन्य केबल सेवाओं को जमीन के नीचे ले जाने की योजना पर काम कर रही है. इसके लिए अंडरग्राउंड डक्ट तैयार किए जा रहे हैं. सरकार का कहना है कि इससे शहर में तारों का जंजाल खत्म होगा और बार-बार सड़क खोदने की समस्या से भी राहत मिलेगी. शिमला में इस परियोजना का काम पहले से जारी है. सचिवालय छोटा शिमला से हाई कोर्ट तक डक्ट का निर्माण पूरा हो चुका है. इसके अलावा एजी चौक से विधानसभा तक भी निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है. अब इसी कड़ी में ओक ओवर और लोक भवन मार्ग पर भी काम होगा.
लोगों से सहयोग की अपील
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं. खासतौर पर पैदल चलने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है. निर्माण स्थल के आसपास बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम करने के आदेश भी दिए गए हैं. प्रशासन ने कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को कुछ असुविधा जरूर हो सकती है, लेकिन यह काम शहर के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है. अधिकारियों ने शहरवासियों से सहयोग करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है ताकि काम समय पर पूरा हो सके.
21 मई से 20 जून तक इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को पहले से अपना रूट तय करने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी और धैर्य बनाए रखने को कहा है.
ये भी पढ़ें: किन्नौर की वादियों में पहली बार दिखा ये दुर्लभ पक्षी, वन्यजीव संरक्षण के लिए बड़ी सफलता
ये भी पढ़ें: आंख में 10 दिन तक फंसी रही लकड़ी, IGMC के डॉक्टरों ने ऐसे बचाई 5 साल की मासूम की जान!

