खाई में कार गिरने से बाप-बेटी की मौत, बेटा और ड्राइवर गंभीर घायल
शिमला जिले में एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें बाप-बेटी की मौत हो गई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 18, 2026 at 1:14 PM IST
|Updated : May 18, 2026 at 2:58 PM IST
रामपुर: हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला शिमला जिले का है. शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में शनिवार रात को एक परिवार अपने गांव की ओर लौट रहा था, जब उनकी कार खाई में गिर गई और इस हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटा और कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई.
200 मीटर खाई में गिरी कार
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि ये हादसा ननखड़ी-पुनन सड़क पर जंगल के क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. घटना की सूचना मिलते ही थाना ननखड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया. पुलिस को खाई में सफेद रंग की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली. वहीं, इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.
मृतकों और घायलों की पहचान
डीएसपी रामपुर ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 49 साल के कुंदन लाल और उनकी 16 साल की बेटी आकृति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कुंदन लाल का 12 साल का बेटा आरव और 55 साल के कार ड्राइवर सतपाल इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को ननखड़ी में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. वहीं, आकृति अभी 11वीं की छात्रा थी.
"परिवार शनिवार रात अपने गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा पेश आया. प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण कार ड्राइवर की लापरवाही माना जा रहा है. पुलिस ने थाना ननखड़ी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है." - नरेश शर्मा, डीएसपी रामपुर

