शिमला में दर्दनाक हादसा: 250 फीट गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत, चार युवक घायल
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पहाड़ी और संकरे रास्ते पर वाहन की गति अधिक होने के कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 26, 2026 at 4:07 PM IST
रामपुर: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. जोगनी क्षेत्र में एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज खनैरी अस्पताल में चल रहा है.
तड़के 3 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे हुआ. पांचों युवक नोगली से अपने गांव मुनीश बाहली की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान जोगनी क्षेत्र में कार (HP-06B-5765) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई और पत्थरों से टकराकर रुक गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और राहत दल मौके पर पहुंचे. कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनैरी पहुंचाया गया.
चार युवकों का चल रहा इलाज
हादसे में चालक पिंकी राम (40 वर्ष) की मौत हो गई. डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है. हादसे में सरजन (36 वर्ष), ज्योति प्रकाश (37 वर्ष), ललित (27 वर्ष) और जय प्रकाश (29 वर्ष) घायल हुए हैं. सभी घायल मुनीश गांव के रहने वाले हैं. फिलहाल उनका अस्पताल में उपचार जारी है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पहाड़ी और संकरे रास्ते पर वाहन की गति अधिक होने के कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा. हालांकि पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है. पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा वाहन में तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से तो नहीं हुआ. डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की जांच जारी है. शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें: पति का पैर फिसला तो बचाने कूदी पत्नी, दोनों की खाई में गिरने से मौत
ये भी पढ़ें: 1.19 करोड़ के नशीले पदार्थ को कुल्लू पुलिस ने किया राख, कुल 53 मामलों में किए थे जब्त

