कुमारसैन में घर में लगी भीषण आग, सिलेंडर में हुआ जबरदस्त धमाका, दहल उठा पूरा क्षेत्र
रामपुर के कुमारसैन में एक घर में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानी नहीं हुई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 22, 2026 at 5:16 PM IST
रामपुर बुशहर: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुमारसैन में एक घर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपने चपेट में ले लिया. सूचना पर मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची. इस दौरान घर में रखा सिलेंडर तेज धमाके साथ फटा. जिससे लोगों में दहशत फैल गई. सिलेंडर फटने की आवाज इतनी तेज थी की पूरा इलाका थर्रा उठा.
जानकारी के अनुसार, शिमला जिले के कुमारसैन में शुक्रवार को बारिश के बीच आगजनी की बड़ी घटना सामने आई. कुमारसैन के बडागांव बाजार में जियालाल के घर मकान में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मकान की ऊपरी मंजिल पूरी तरह आग की चपेट में आ गई.

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बारिश के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. इसी दौरान घर के अंदर रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया. सिलेंडर ब्लास्ट होते ही मौके पर मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया.

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, मकान की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जलकर राख हो गई और लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल के 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि-तूफान की चेतावनी

