'राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर क्यों नहीं बोले मोदी-शाह, क्यों नहीं पकड़े जा रहे मगरमच्छ'
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी पर हिमाचल की सियासत में भी उबाल है. विनय कुमार ने पीएम मोदी और अमित शाह पर सवाल उठाए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 3:26 PM IST
|Updated : July 8, 2026 at 5:25 PM IST
शिमला: देवभूमि हिमाचल में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है. पूरे मामले को लेकर अब हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भाजपा पर हमलावर हो गए हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लेते हुए सवाल उठाया कि इस मामले पर अब तक दोनों नेताओं ने कुछ क्यों नहीं कहा. शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान विनय कुमार ने यह बयान दिया. हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस मुख्यालय राज्य भवन पहुंचे थे. जहां कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विनय कुमार ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला.
मगरमच्छों के नाम बताएं: विनय कुमार
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि समझ नहीं आता कि कांग्रेस पार्टी के शिमला राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद भाजपा ने कोर ग्रुप की बैठक क्यों बुलाई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस मामले पर बात क्यों नहीं कर रहे हैं. भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा के नेता भी इस विषय पर चुप क्यों हैं. विनय कुमार ने कहा कि भाजपा के लोग जनता को बताएं कि उन्होंने चंदा चोरी नहीं की. इसके विपरीत भाजपा के लोग कांग्रेस के पीछे पड़ गए हैं. विनय कुमार ने विक्रमादित्य सिंह के बयान को दोहराते हुए कहा कि उन्हें हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल से हिंदू होने का सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि वे सनातनी है और पूछेंगे कि चंदा चोरी क्यों हुई. विनय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चंदा चोरी में शामिल मगरमच्छों के नाम बताए जाएं और छोटी मछलियों को पकड़ना बंद करें.
इससे पहले बीते कल हिमाचल प्रदेश में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर राजनीतिक हलचल तेज रही. पहले मुख्यमंत्री कैबिनेट सदस्यों के साथ शिमला स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे. इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भी पूजा-अर्चना की. इस दौरान मुख्यमंत्री और हिमाचल सरकार के मंत्रियों ने भाजपा को जमकर घेरा. वहीं, भाजपा नेताओं ने भी पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार और कांग्रेस पर मंदिर जाकर राजनीति करने का आरोप लगाया. साथ ही भाजपा ने इस मुद्दे पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार और पार्टी पदाधिकारियों के राम मंदिर जाने को अवसरवादिता बताया है.
ये भी पढ़ें: पुलिस ने किया बड़ी चोरी का खुलासा, 15 तोला सोना और 4 किलो चांदी पर हाथ किया था साफ

