विदेश भागने की फिराक में था नशा तस्कर, गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट से दबोच लाई शिमला पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी नशा तस्कर आपस में संपर्क करने के लिए सिग्नल ऐप का इस्तेमाल करते थे.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 6:18 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 1.120 किलो हाई ग्रेड हेरोइन के मामले में एक आरोपी को अबू धाबी भागने से पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है. इसके अलावा जुब्बल में चिट्टा सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और सदर शिमला से लंबे समय से फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है.
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि स्पेशल सेल ने 3 अगस्त 2026 को शोघी के पास 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन के साथ विजय कुमार को गिरफ्तार किया था. पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि यह खेप उसे तरनतारन, पंजाब निवासी शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान ने उपलब्ध करवाई थी. शुभकरमन सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. जांच में शुभकरमन से जुड़े आजाद सिंह की भूमिका भी सामने आई. कार्रवाई की भनक लगने के बाद आजाद फरार हो गया और देश छोड़ने की तैयारी करने लगा. उसने पासपोर्ट और टूरिस्ट वीजा भी बनवा लिया था. तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने उसकी लोकेशन अहमदाबाद में ट्रेस की. इसके बाद गुजरात पुलिस की मदद से शिमला पुलिस ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कार्रवाई की और आजाद सिंह को अबू धाबी रवाना होने से पहले गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को अहमदाबाद की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया. इसके बाद उसे शिमला लाया गया, जहां अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया.

सिग्नल ऐप से होती थी आरोपियों के बीच बातचीत
पुलिस जांच में सामने आया है कि विजय कुमार, शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान और आजाद सिंह आपस में संपर्क के लिए सिग्नल ऐप का इस्तेमाल करते थे. पुलिस के अनुसार शुभकरमन के जरिए आजाद तक और फिर विजय कुमार तक हेरोइन की खेप पहुंचाई गई थी. विजय कुमार इस खेप को लेकर शिमला पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पुलिस का कहना है कि आजाद की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़ी कई और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
जुब्बल में भी अंतरराज्यीय चिट्टा नेटवर्क का खुलासा
दूसरे मामले में जुब्बल पुलिस ने चिट्टा सप्लाई करने वाले नेटवर्क के मुख्य सप्लायर सन्नी सिंह को अंबाला से गिरफ्तार किया है. जांच में इस नेटवर्क के तार हिमाचल के अलावा पंजाब और हरियाणा से जुड़े पाए गए हैं. मामले की शुरुआत 15 जुलाई 2026 को दर्ज अभियोग से हुई थी. पुलिस ने घुमारवीं निवासी रविन्द्र कुमार के कब्जे से 9.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया था. पूछताछ में उसने बताया कि चिट्टा उसे सन्नी सिंह से जीरकपुर में मिला था. पुलिस के अनुसार, तस्कर चिट्टे की डिलीवरी के लिए अलग-अलग जगहों पर नशे की खेप छिपाते थे. रविन्द्र कुमार की निशानदेही पर 13 स्थानों की जांच की गई, जिनमें से तीन जगहों से कुल 14.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ. इस मामले में अब तक कुल 24.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है.

सन्नी सिंह पर सात मामले दर्ज
जांच के दौरान सन्नी सिंह की पहचान मुख्य सप्लायर के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने उसे अंबाला से गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में चिट्टे से जुड़े सात मामले दर्ज हैं. इनमें पंचकूला, अबोहर-फाजिल्का, फाजिल्का सिटी, ठियोग और जुब्बल के मामले शामिल हैं. पंचकूला के सेक्टर-20 थाने में दर्ज एक NDPS मामले में उसके कब्जे से 304 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था.
बैंक खातों से पकड़ा गया चिट्टा नेटवर्क का आरोपी
तीसरे मामले में सदर शिमला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे करण को गिरफ्तार किया है. यह मामला 25 दिसंबर 2025 को दर्ज हुआ था. इसमें अंकुश उर्फ सुदामा के कब्जे से 6.360 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की. सागर के बैंक लेन-देन की जांच में सामने आया कि उसने करण के HDFC बैंक खाते सहित अन्य खातों में करीब तीन लाख रुपये भेजे थे. इसी वित्तीय लिंक के आधार पर पुलिस को करण की भूमिका के संबंध में अहम सुराग मिले. लगातार तलाश के बाद पुलिस ने करण को 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया.

सप्लाई चेन और पैसों के लेन-देन पर पुलिस की नजर
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. पुलिस अब सप्लाई चेन, बैकवर्ड लिंक और आरोपियों के वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है. इसका उद्देश्य नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में दो वोल्वो बसों से 158 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब के चार नशा तस्कर गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: बंद घरों की रेकी कर रात 12 से 3 बजे तक करते थे चोरी, पुलिस से बचने के लिए अपनाते थे ये ट्रिक! दबोचे गए तीन आरोपी

