बिना बर्फबारी भी खास है शिमला, 100 साल पुरानी आइस स्केटिंग रिंक बनी पर्यटकों की पहली पसंद
शिमला में बर्फबारी के बावजूद स्केटिंग का रोमाच देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में पर्यटक स्केटिंग करने के लिए पहुंच रहे हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 18, 2025 at 12:27 PM IST
शिमला: शिमला में बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों को भले ही अभी थोड़ा और सब्र रखना पड़े, लेकिन रोमांच के शौकीनों के लिए मौसम पूरी तरह मेहरबान है. साफ आसमान, सुबह-शाम की कड़ाके की ठंड और गिरता तापमान शिमला की ऐतिहासिक ओपन आइस स्केटिंग रिंक को जमने का पूरा मौका दे रहा है. यही वजह है कि इन दिनों स्केटिंग प्रेमी इस अनोखे अनुभव का जमकर आनंद ले रहे हैं.
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और बर्फबारी का इंतजार जारी है. दिन के समय धूप खिली रहती है, जबकि रात और सुबह के वक्त तापमान काफी नीचे चला जाता है. यही मौसम शिमला की ओपन आइस स्केटिंग रिंक के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है. रात में जमने वाली प्राकृतिक बर्फ सुबह और शाम स्केटिंग के लिए बेहतरीन सतह तैयार करती है.
13 सेशन पूरे, स्केटिंग का बढ़ता क्रेज
अनुकूल मौसम की वजह से इस बार आइस स्केटिंग रिंक 2 दिसंबर से ही आम लोगों के लिए खोल दी गई थी. अब तक यहां 13 स्केटिंग सेशन सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी सुबह और शाम के सेशन में स्केटिंग का लुत्फ उठा रहे हैं. स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी इस अनोखे अनुभव का हिस्सा बन रहे हैं.
एशिया की सबसे बड़ी प्राकृतिक आइस रिंक
शिमला की यह ओपन आइस स्केटिंग रिंक करीब 100 साल से ज्यादा पुरानी है. वर्ष 1920 से यह रिंक स्केटिंग प्रेमियों को रोमांचित करती आ रही है. खास बात यह है कि यह एशिया की सबसे बड़ी प्राकृतिक आइस स्केटिंग रिंक मानी जाती है, जहां आज भी पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से बर्फ जमाई जाती है. यह रिंक साल में सिर्फ एक बार, सर्दियों के मौसम में ही खुलती है और पूरी तरह मौसम पर निर्भर रहती है.
पर्यटकों के लिए खास आकर्षण
शिमला देश-विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा जगहों में से एक है. हालांकि, यहां एडवेंचर एक्टिविटीज के विकल्प सीमित हैं. ऐसे में आइस स्केटिंग रिंक पर्यटकों के लिए रोमांच का बड़ा केंद्र बन जाती है. जो पर्यटक बर्फबारी न होने से निराश हैं, वे इस ऐतिहासिक रिंक में स्केटिंग कर अपनी शिमला यात्रा को यादगार बना सकते हैं.
आने वाले दिनों में बढ़ेगी भीड़
जल्दी शुरू हुए सीजन और अनुकूल मौसम को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में आइस स्केटिंग रिंक में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी. बर्फबारी भले न हुई हो, लेकिन शिमला में ठंड का असली मजा फिलहाल आइस स्केटिंग के जरिए जरूर लिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में चिट्टे के साथ पकड़ा गया बड़े नेता का करीबी रिश्तेदार

