ETV Bharat / state

शिमला में दर्दनाक हादसा: रिवर्स करते समय 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पिता-बेटी की मौके पर मौत

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खाई में जाकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

NERWA CAR ACCIDENT
नेरवा में खाई में गिरी कार (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 30, 2026 at 5:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली. एक कार के अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से पिता और 12 वर्षीय बेटी की मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि दोनों को बचाने का मौका तक नहीं मिल पाया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

रिवर्स करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे नेरवा क्षेत्र के बावी कैंची के पास हुआ. पुलिस के मुताबिक खोकाह गांव निवासी लोकिंदर धनाइक (42) अपनी पत्नी, बेटे और 12 वर्षीय बेटी टिया के साथ नेरवा की ओर जा रहे थे. रास्ते में वाहन को मोड़ने के दौरान लोकिंदर कार को रिवर्स कर रहे थे. इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते कार सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के समय लोकिंदर और उनकी बेटी टिया कार के अंदर ही मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे वाले मोड़ पर खड़े थे. अचानक हुई इस दुर्घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई.

NERWA CAR ACCIDENT
हादसे में पिता और 12 वर्षीय बेटी की मौत (FB@AnjnaVerma)

पिता और बेटी ने मौके पर तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत खाई में उतरकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इस दुर्घटना में लोकिंदर धनाइक और उनकी 12 वर्षीय बेटी टिया की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि वाहन को रिवर्स (पीछे) करते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ. मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि उसने कार को बैक करते समय अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिरते देखा था. नेरवा थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के अन्य संभावित कारणों का भी पता लगा रही है.

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया, "पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."

प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का कारण बने हुए हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में खराब सड़क स्थिति, तेज रफ्तार, लापरवाही और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनकर सामने आ रहा है. इससे पहले भी प्रदेश के कई जिलों में हुए हादसों में कई परिवारों ने अपने लोगों को खोया है. मंगलवार को नेरवा में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: UP से मनाली घूमने आई लड़की नाले में बही, 4 KM दूर ब्यास नदी से शव बरामद

ये भी पढ़ें: बहन की विदाई कर लौट रहे भाई की एक्सीडेंट में मौत, 6 महीने बाद होनी थी शादी, खुशियों के घर में पसरा मातम