शिमला में NEET परीक्षा का सफल आयोजन: 9 केंद्रों पर 3644 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, 94 रहे अनुपस्थित
परीक्षा केंद्रों पर NTA के मानदंडों के अनुसार सख्त चेकिंग की गई. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध थे.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 3, 2026 at 9:31 PM IST
शिमला: देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली 'नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट' (NEET-UG) का रविवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शांतिपूर्ण और सफल आयोजन हुआ. शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थापित 9 परीक्षा केंद्रों पर हजारों छात्रों ने डॉक्टर बनने के अपने सपने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया.
प्रशासन द्वारा साझा किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शिमला जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 3738 उम्मीदवारों ने अपना पंजीकरण करवाया था. परीक्षा के दौरान उत्साह का माहौल देखा गया, जिसमें से 3644 परीक्षार्थी उपस्थित रहे. हालांकि, 94 उम्मीदवारों ने किन्हीं कारणों से परीक्षा छोड़ दी. अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. उन्होंने कहा कि प्रशासन और शिक्षा विभाग के समन्वय से परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हुई.
इन केंद्रों पर हुई परीक्षा
छात्रों की सुविधा और सुचारू संचालन के लिए शिमला के प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था.
- राजकीय महाविद्यालय संजौली (उत्कृष्टता केंद्र)
- राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) लालपानी
- राजकीय मॉडल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर
- PM श्री केंद्रीय विद्यालय जाखू हिल्स
- राजकीय कन्या महाविद्यालय (RKMV)
- हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) मॉडल स्कूल, समरहिल
- विधि विभाग, HPU समरहिल
- राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान (कोटशेरा)
- विश्वविद्यालय प्रौद्योगिकी संस्थान (UIT)
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
परीक्षा केंद्रों पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के मानदंडों के अनुसार सख्त चेकिंग की गई. केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुटने लगी थी. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा, ताकि छात्रों को केंद्र तक पहुचने में देरी न हो. इस सफल आयोजन के साथ ही अब उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी (Answer Key) और परिणामों का इंतजार है, जिसके आधार पर वे देश के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेंगे.
ये भी पढ़ें: चलती कार में पर्यटकों का हुड़दंग, छत पर छलकाए जाम, वीडियो वायरल
ये भी पढ़ें: CBSE सब-कैडर परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित, फाइनल आंसर-की भी जारी

