ETV Bharat / state

हिमाचल में अचानक बदला मौसम, शिमला में जमकर बरस रहे बादल, भारी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

लगातार बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.

SHIMLA RAINFALL
शिमला में हुई मूसलाधार बारिश (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : April 30, 2026 at 4:22 PM IST

|

Updated : April 30, 2026 at 4:31 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. गुरुवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई, लेकिन सबसे ज्यादा असर राजधानी शिमला में देखने को मिला. दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक मौसम बदला और तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई, जो लगातार जारी है. इसके साथ ही ऊपरी क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे बागवानों और किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है.

दिन में छाया अंधेरा

शिमला में सुबह तक मौसम सामान्य था, लेकिन दोपहर बाद अचानक काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई. कई इलाकों में दिन के समय ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया. शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश और हल्की ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ.

HIMACHAL WEATHER UPDATE
भारी बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट (ETV BHARAT)

ऊपरी क्षेत्रो में भारी ओलावृष्टि

ऊपरी शिमला के कुफरी, ठियोग और फागू जैसे इलाकों में जबरदस्त ओलावृष्टि हुई. कई जगहों पर जमीन पर 3 इंच तक ओलों की परत जम गई, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गईं. इस ओलावृष्टि से सेब, मटर, फूलगोभी और स्टोन फ्रूट की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. बागवानों के अनुसार, इस समय सेब के पेड़ों में फ्लावरिंग चल रही है और ओलों से फूल झड़ने और फलों पर दाग पड़ने का खतरा बढ़ गया है.

HIMACHAL WEATHER UPDATE
ऊपरी क्षेत्रो में भारी ओलावृष्टि (ETV BHARAT)

बागवानों की बढ़ी चिंता

बारिश और ओलावृष्टि ने बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. सेब के साथ-साथ अन्य फलों की फसल पर भी इसका असर पड़ा है. किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह मौसम खराब रहा तो इस साल उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा. वहीं, पर्यटन स्थल कुफरी में भी ओलावृष्टि से कारोबारियों को नुकसान हुआ है, कई टेंट और अस्थायी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए.

HIMACHAL WEATHER UPDATE
कुफरी-फागू में हुई भारी ओलावृष्टि (ETV BHARAT)

तापमान में आई भारी गिरावट

लगातार बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे चला गया है. भुंतर, मनाली, मंडी और सोलन जैसे क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है.

HIMACHAL WEATHER UPDATE
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट (IMD SHIMLA)

अगले 5-6 दिन तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 5 मई तक मौसम खराब बना रहेगा. इस दौरान रुक-रुक कर बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 3 और 4 मई को कई जिलों में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. अचानक बदले मौसम का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी पड़ा है. जहां एक ओर पर्यटक ठंडे मौसम का आनंद ले रहे हैं, वहीं बारिश और ओलावृष्टि से आवाजाही प्रभावित हुई है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पालमपुर दौरा भी रद्द, खराब मौसम ने रोकी राह

ये भी पढ़ें: 'मैंने तो ऑटोमैटिक कहा था, तो मैन्युअल क्यों लगाया...', मिल्क प्लांट पहुंचे CM सुक्खू को आया गुस्सा, अधिकारियों की लगाई क्लास

Last Updated : April 30, 2026 at 4:31 PM IST