ETV Bharat / state

शिमला में जमानत कराने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिमाल में जमानत कराने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

SHIMLA FAKE DOCUMENTS BAIL CASE
शिमला में जमानत कराने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 5, 2026 at 4:14 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: राजधानी शिमला में अदालत से जमानत दिलाने के लिए जाली जमीन दस्तावेजों का सहारा लेने का गंभीर मामला सामने आया है. न्यू शिमला क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि अदालत को गुमराह कर फर्जी कागजातों के जरिए जमानत हासिल की गई.

न्यू शिमला क्षेत्र से जुड़ा है मामला

यह मामला शिमला के न्यू शिमला सेक्टर-3 से संबंधित है. पुलिस के अनुसार, इस संबंध में थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है. मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत में न्यू शिमला सेक्टर-3 निवासी अशीष शर्मा, पुत्र स्वर्गीय रमेश चंद शर्मा ने आरोप लगाया है कि राकेश कुमार ने जिला अदालत चक्कर में ममता त्यागी की जमानत करवाने के लिए जमीन से जुड़े जाली दस्तावेज पेश किए.इन्हीं कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अदालत से जमानत प्राप्त की गई.

अदालत को गुमराह करने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि जमीन के जो कागजात अदालत में पेश किए गए, वे असली नहीं थे. आरोप है कि इन दस्तावेजों को जानबूझकर गलत मंशा से इस्तेमाल किया गया, ताकि अदालत को गुमराह किया जा सके और जमानत हासिल की जा सके.

दस्तावेजों की होगी जांच

मामले पर शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान जमीन के दस्तावेजों की सत्यता की गहनता से जांच की जाएगी. यह भी पता लगाया जाएगा कि जाली कागजात किसने तैयार किए और उन्हें अदालत में किस प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया गया. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

ये भी पढ़ें: अब चरस नहीं, हेरोइन का अड्डा बन रही कुल्लू घाटी! नशा तस्करी में महिलाएं भी आगे