शिमला में चिट्टा सप्लाई करने वाला मास्टरमाइंड डेविड गिरफ्तार, पुलिस ने जीरकपुर से दबोचा
मुख्य आरोपी डेविड का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 12, 2026 at 7:28 PM IST
|Updated : February 12, 2026 at 8:58 PM IST
शिमला: शिमला पुलिस को चिट्टा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने उस मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है जो शिमला में चिट्टा सप्लाई करने का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. आरोपी को जीरकपुर से दबोचा गया है. पुलिस के अनुसार यह आरोपी शिमला सहित अन्य जिलों में चिट्टे का नेटवर्क चला रहा था.
हाल ही में शिमला के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हुए थे. इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंक खंगाले. जांच में सामने आया कि सभी मामलों में चिट्टे की सप्लाई जीरकपुर से की गई थी. सप्लाई करने वाला व्यक्ति विजय उर्फ डेविड निकला, जो इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है.
अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में आरोपी डेविड की 335 ग्राम से अधिक चिट्टे की तस्करी में संलिप्तता पाई गई है. इन पांच मामलों में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस को आशंका है कि यह एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क है, जिसकी कड़ियां अन्य राज्यों से भी जुड़ी हो सकती हैं. आरोपी की संलिप्तता पुख्ता होने के बाद पुलिस थाना ठियोग की टीम को पंजाब भेजा गया.
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया, "तकनीकी इनपुट के आधार पर 24 घंटे से अधिक समय तक लगातार फील्ड ऑपरेशन चलाया गया. इसके बाद टीम ने जीरकपुर से दो बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनमें मुख्य सरगना विजय उर्फ डेविड भी शामिल है."
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विजय उर्फ डेविड का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं. एसपी गौरव सिंह ने कहा कि जिला पुलिस एनडीपीएस मामलों में बैकवर्ड लिंकेज की जांच को मजबूती से आगे बढ़ा रही है. सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
किन-किन थानों में दर्ज थे मामले?
बता दें कि चिट्टा तस्करी का पहला मामला बालूगंज थाना का है, जहां आईएसबीटी शिमला में एचआरटीसी बस से दो लोगों को 30.700 ग्राम चिट्टे सहित पकड़ा गया था. दूसरा मामला भी बालूगंज का है, जिसमें एक युवती समेत चार लोगों को 11 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था. तीसरा मामला ठियोग में 12 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तारी का है. चौथा मामला कुमारसैन में 11 ग्राम चिट्टे के साथ तीन लोगों की गिरफ्तारी से जुड़ा है. वहीं, पांचवां मामला रामपुर में 9.24 ग्राम चिट्टे के साथ दो लोगों की गिरफ्तारी का है. पुलिस का कहना है कि चिट्टा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर की दराटी से हत्या, बच्चों में मची चीख-पुकार

