शिमला में चिट्टा नेटवर्क से जुड़े तीन युवक गिरफ्तार, पंजाब के तस्करों के साथ था संबंध
पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 11, 2026 at 9:20 PM IST
शिमला: शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चिट्टे की सप्लाई चेन से जुड़े तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनका संबंध सीधे पंजाब के तस्करों से था. इससे पहले पुलिस ने 83 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब के दो युवकों को पकड़ा था. जांच आगे बढ़ी तो स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क का खुलासा हुआ.
83 ग्राम चिट्टे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले रोहड़ू के मेहंदली पुल के पास पंजाब निवासी जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह को 83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया था. यह खेप शिमला जिला में सप्लाई की जानी थी. दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की. गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच टीम ने आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की. मोबाइल डाटा, कॉल रिकॉर्ड और लेन-देन की जानकारी खंगाली गई. जांच में सामने आया कि इस नशा तस्करी के नेटवर्क में कुछ स्थानीय युवक भी शामिल हैं, जो पंजाब के तस्करों के सीधे संपर्क में थे और सप्लाई में सहयोग कर रहे थे.
तीन स्थानीय युवक भी गिरफ्तार
जांच के आधार पर पुलिस ने आशीष चौहान निवासी खशधार, चिड़गांव, नवीन शिट्टा निवासी गोक्सवारी चिड़गांव और दीवान चंद निवासी सुंधा चिड़गांव को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि ये युवक बाहरी राज्यों के तस्करों के संपर्क में रहकर चिट्टे की सप्लाई को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे थे.
एसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा, "जिले में चिट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. बाहरी राज्यों के नशा तस्करों से संपर्क रखने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस नशा विरोधी अभियान के तहत पूरी सतर्कता से काम कर रही है और ड्रग्स तस्करी में शामिल हर कड़ी को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है."
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि शिमला जिला में नशा तस्करी करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी. सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए डिजिटल और वित्तीय जांच को और तेज किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में सरकारी नौकरी को लेकर सस्पेंस खत्म, दिल्ली से लौटने के बाद CM सुक्खू ने कह दी बड़ी बात

