शिमला में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, बुजुर्ग दंपति की मौत, दो घायल
प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 24, 2026 at 9:42 PM IST
|Updated : May 24, 2026 at 9:54 PM IST
शिमला: राजधानी शिमला के न्यू शिमला थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिलासपुर के बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. शोघी-मेहली बाईपास रोड पर सीवरेज प्लांट बड़ागांव के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई.
बिलासपुर से शिमला आ रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार (HP 24C 0600) में कुल चार लोग सवार थे. हादसे में बिलासपुर के सेक्टर-2 निवासी 69 वर्षीय सुमन शर्मा और उनकी 64 वर्षीय पत्नी लीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दंपति अपने बेटे अखिल कुमार के साथ बिलासपुर से शिमला आ रहे थे. रास्ते में सीवरेज प्लांट बड़ागांव के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी.
दो घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में कार चालक अखिल कुमार और पंथाघाटी निवासी 55 वर्षीय निर्मला देवी घायल हो गईं. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है. सूचना मिलते ही न्यू शिमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
परिवार में पसरा मातम
इस हादसे के बाद मृतक दंपति के परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है. अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. वहीं स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया है. एसपी गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
ये भी पढे़ं: हिमाचल में विभागीय परीक्षाओं की नई तारीख घोषित, यहां जानिए पूरी डेट शीट
ये भी पढे़ं: दिल्ली-लेह HRTC बस सेवा फिर शुरू, 26 मई से रूट पर दौड़ेगी बस, यहां जानें पूरा टाइम-टेबल और किराया

