शिक्षा मित्र BLO की मौत; परिजनों का आरोप-SIR काम का दबाव था, प्रशासन का इंकार
खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि रामदीन अनुभवी थे. उन पर कोई दबाव नहीं था. उनकी मृत्यु पूरी तरह बीमारी के कारण हुई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 7:22 AM IST
लखनऊ: मोहनलालगंज में BLO की ड्यूटी कर रहे शिक्षा मित्र रामदीन की मौत हो गई. परिजनों ने अधिकारियों पर काम के दबाव का आरोप लगाया है. कहा कि खराब सेहत के बावजूद उनसे काम कराया गया. प्रशासन ने आरोपों को गलत बताते हुए मौत की वजह बीमारी बताई है.
खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि रामदीन अनुभवी व्यक्ति थे. उन पर काम का कोई दबाव नहीं था. उनकी मृत्यु पूरी तरह बीमारी के कारण हुई है.
शिक्षा मित्र संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. मृतक रामदीन के परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए.
अस्पताल में हुई मौत: मृतक रामदीन के बेटे नवनीत कुमार ने बताया कि 25 फरवरी 2026 को काम के तनाव के बीच अचानक पिता की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बुधवार आधी रात के बाद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. नवनीत ने कहा कि वह अधिकारियों के व्यवहार से काफी परेशान रहते थे. परिजनों का दावा है कि रामदीन बीमार थे, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी देने के बावजूद उन्हें ड्यूटी से राहत नहीं दी गई.
राती गांव में थी तैनाती: शिक्षा मित्र संघ के अनुसार, रामदीन निगोहा के राती गांव निवासी प्राथमिक विद्यालय में तैनात थे. उनकी मौत के पीछे काम का भारी बोझ मुख्य वजह थी. रामदीन की ड्यूटी SIR के साथ-साथ पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में भी लगा दी गई थी.
संघ के विरोध के बाद पंचायत ड्यूटी तो हटी, लेकिन SIR का दबाव बना रहा. रामदीन का बूथ रेड जोन में डाला गया था, जिसके कारण मैपिंग कार्य समय पर पूरा करने का उन पर काफी दबाव था.
यह भी पढ़ें: शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका की हेट स्टोरी; प्रेमिका ने प्रेमी को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

