श्योपुर में तूफान ने छीनी मां की सबसे बड़ी खुशी, पेड़ गिरने से इकलौते बेटे की मौत, दो घायल
श्योपुर में आंधी-तूफान में बाइक सवार तीन लोगों पर गिरा पेड़, लड़के की मौक पर मौत, दो लोग घायल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 3, 2026 at 8:17 PM IST
श्योपुर: तेज आंधी ने एक परिवार की खुशियां छीन ली. श्योपुर शहर के दीनदयाल उपाध्याय बस स्टैंड पर नीम का बड़ा पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा. जिसकी चपेट में मां और बेटा-बेटी आ गए. हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि उसकी मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद बस स्टैंड पर चीख पुकार मच गई और लोगों में अफरा तफरी फैल गई. मौके पर लोगों की भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई.
मां-बेटे और बेटी पर गिरा पेड़
श्योपुर के कराहल निवासी शिक्षिका नसीम बानो अपने बेटे शाहिनूर और बेटी अनमोल के साथ श्योपुर में किसी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. इसी दौरान तेज आंधी और करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं के बीच बस स्टैंड परिसर में खड़ा नीम का विशाल पेड़ अचानक गिर गया. पेड़ की चपेट में मां बेटी और बेटा आ गए. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन शाहिनूर को बचाया नहीं जा सका. उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
हादसे में लड़के की मौत, मां-बेटी घायल
वही उसकी मां नसीम बानो, जो करहल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ है. उसकी बेटी अनमोल घायल हो गई हैं. दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जिला प्रशासन के अधिकारी, विधायक बाबू जंडेल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे कराहल और श्योपुर में शौक की लहर है. बताया जा रहा है कि शाहिनूर परिवार का इकलौता बेटा था. जिसकी असमय मौत से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
तहसीलदार दर्शन लाल बौद्ध का कहना है कि "बुधवार को शाम 4 बजे के आसपास आंधी तूफान आया था. कराहल निवासी शाहिनूर अपनी बहन अनमोल और उसकी मां नसीम बानो के साथ बाइक से आ रहा था. बस स्टैंड के नीचे वाली जगह से ऊपर की ओर आया, उसी समय नीम का पेड़ गिर गया. उससे तीनों घायल हुए, जहां शाहिनूर की दर्दनाक मौत हो गई है."
4 लाख रुपए का दिया जाएगा मुआवजा
विधायक बाबू जंडेल का कहना है कि "यह बहुत दर्दनाक घटना है. मेवाती का एक परिवार उसकी मां शिक्षक है. मुझे जानकारी मिली तो मैं तत्काल जिला अस्पताल पहुंचा हूं. अभी जिला प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत हुई, चार लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा. घायल मां और बेटी आईसीयू में भर्ती है. अगर गंभीर हालत होगी, तो डॉक्टर से बातचीत कर बाहर के लिए रेफर करेंगे."
- मध्य प्रदेश में प्री मानसून ने एंट्री के साथ मचाई तबाही, गिरे घर-टॉवर, आकाशीय बिजली ने ली जान
- प्री-मानसून की मेहरबानी, मध्य प्रदेश के 36 जिलों में आंधी-बारिश, 60KM स्पीड से चलेंगी हवाएं
कोतवाली थाना प्रभारी सत्यम गुर्जर का कहना है कि "शाहिनुर सैफुद्दीन उम्र 20 साल अपनी मां और बहन के साथ बस स्टैंड के पीछे की तरफ से आ रहे थे. यहां एक नीम का पेड़ गिर गया. जिसमें मां-बेटी घायल हो गए, जहां बेटे की दर्दनाक मौत हो गई.

