हाथों में गुलदस्ता थाम रोती रहीं श्योपुर नपा अध्यक्ष रेनू राठौर, तोमर के स्वागत में बेकाबू हुई भीड़
श्योपुर में नरेंद्र सिंह तोमर के स्वागत में बेकाबू हुई भीड़, नगर पालिका अध्यक्ष रेनू राठौर के साध हुई धक्का मुक्की, रोती हुईं आईं नजर.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 29, 2026 at 1:02 PM IST
|Updated : April 29, 2026 at 1:11 PM IST
श्योपुर: विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर बुधवार को श्योपुर पहुंचे. जहां उनके स्वागत सत्कार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा है. जिसमें देखा जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष के स्वागत में भीड़ बेकाबू हो गई. जिसके चलते नगर पालिका अध्यक्ष रेनू राठौर को धक्कामुक्की का सामना करना पड़ा. कहा तो यह भी जा रहा है कि इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष को चोट भी आई और वह रोती हुईं दिखी.
नरेंद्र सिंह तोमर के स्वागत में सेल्फी लेने की होड़
सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो और तस्वीर उस समय की है, जब विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर श्योपुर के दौरे पर पहुंचे थे. उस समय कार्यकताओं की भीड़ जुट गई. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कार्यकर्ता सेल्फी के चक्कर में आगे बढ़ते गए और उस भीड़ में नगर पालिका अध्यक्ष फंस गई. धक्का मुक्की के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष का संतुलन बिगड़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जल्दबाजी और सेल्फी लेने की होड़ में कार्यकर्ताओं ने महिला को भी नजर अंदाज कर दिया. अब सोशल मीडिया पर महिला सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
नगर पालिका अध्यक्ष के साथ हुई धक्का-मुक्की
दरअसल, मंगलबार को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर दो दिवसीय दौरे पर श्योपुर पहुंचे हैं. उनका हेलीकॉप्टर श्योपुर शहर के बीर सावरकर स्टेडियम में उतरा. इस दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा. नगर पालिका की अध्यक्ष रेनू राठौर के साथ धक्कामुक्की हो गई. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सकुलेट हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि नगर पालिका अध्यक्ष रेनू राठौर रोती हुई नजर आ रही हैं और उनके पति कार्यकर्ताओं और पुलिस पर भड़कते हुए नजर आ रहे है.
पुलिस पर भड़के रेनू राठौर के पति
नगर पालिका अध्यक्ष के पति सुजीत गर्ग यह कहते हुए साफ नजर आ रहे हैं कि बदतमीजी करने का काम करते हैं. यह लोग जब लोग खड़े हैं तो फिर धक्का मुक्की क्यों कर रहे हैं. फिर उन्होंने पुलिस पर भी भड़कते हुए कहा कि पुलिस यहां पर क्या कर रही है, फालतू में खड़ी है क्या." बाद में बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महावीर सिंह सिसोदिया ने मामले को शांत कराया. बीजेपी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सरोज देवी तोमर का कहना है कि "भीड़ के दौरान इस तरह की घटना हुई. यह ठीक नहीं था, नगर पालिका अध्यक्ष रेनू राठौर के पैर में चोट लगी है."

- रीवा महापौर अजय मिश्रा ने आपा खोया, कर्मचारी से बोले- यहां आओ तुमको इसी नाली मे घुसेड़ दें
- भोपाल जिला कोर्ट में हंगामा, जज के सामने ही पूर्व BJP सांसद के बेटे की पिटाई
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि सिराज दाऊदी का कहना है कि "बीजेपी महिला सशक्तिकरण की बात करती है. महिलाओं के सम्मान की बात करती है. नगर पालिका की अध्यक्ष रेनू राठौर किस तरह से रो रही थी. उसकी आंखों में आंसु थे. उनके साथ धक्का मुक्की की गई, यह अच्छी बात नहीं है. इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए. शर्म की बात है बीजेपी दिखावा करती है कि हम महिलाओं का सम्मान करते हैं."

