श्योपुर में रेत माफिया का खुला चैलेंज, चंबल में उतरी 400 ट्रैक्टर ट्रॉली, बेधड़क परिवहन
श्योपुर में खनन माफिया चंबल नदी का सीना छलनी करने पर उतारू. जिला व पुलिस प्रशासन की मिलीभगत के बगैर संभव नहीं.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 3:45 PM IST
श्योपुर : रेत माफिया चंबल नदी का सीना छलनी कर रहे हैं. अवैध रेत खनन के लिए भिंड और मुरैना शुरू से ही कुख्यात रहे हैं. लेकिन अब श्योपुर जिले में भिंड और मुरैना से ज्यादा अवैध रेत खनन होने लगा है. चंबल के 12 से ज्यादा घाटों पर धड़ल्ले से रेत खनन किया जा रहा है. इन घाटों में सबसे बड़ा मुख्य घाट ढोढर थाना क्षेत्र का सांड घाट है. यहां 24 घंटे रेत खनन हो रहा है. बुधवार को एक साथ करीब 400 ट्रैक्टर ट्रॉली अवैध रेत का परिवहन करती देखी गईं.
आसपास के जिलों के साथ ही राजस्थान तक सप्लाई
रेत माफिया श्योपुर, कराहल, विजयपुर, बड़ौदा, राजस्थान के मांगरोल, बारां और शिवपुरी के बैराड़, पोहरी सहित आसपास के इलाके में बड़ी मात्रा में सप्लाई कर रहे हैं. बेरोकटोक दिन-रात अवैध रेत का परिवहन हो रहा है. वन विभाग, खनन विभाग और पुलिस प्रशासन ने रेत माफिया को एक प्रकार से सर्टिफिकेट दे दिया है.
प्रभारी मंत्री की नसीहत भी बेअसर
करीब एक माह पहले श्योपुर में चंबल नदी से अवैध रेत परिवहन को लेकर प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने सख्त निर्देश दिए थे. इसे देखते हुए पुलिस और वन विभाग ने दिखावे की कार्रवाई की. इस दौरान भी रेत माफिया चंबल में खनन कर रेत जमा करते रहे. अब फिर से अवैध रेत का परिवहन होने लगा है. रेत माफिया के गुर्गे ट्रैक्टर ट्रॉलिया सड़कों पर यमराज की भांति दौड़ा रहे हैं. सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों को साइड तक नहीं देते.
चंबल के सांड घाट पर जलीय जीवों को खतरा
चंबल के सांड घाट से पहली बार बड़े पैमाने पर अवैध रेत का खनन हो रहा है. ये घाट त्रिवेणी संगम मानपुर से निकलकर चम्बल नदी को दो भागों में बांटता है. बीच सतह से बारिश के मौसम में रेत के विशाल ढेर बन जाते हैं. जहां पर घड़ियाल और मगरमच्छ सर्दी के मौसम में धूप लेने के लिए निकलते हैं. रेत माफिया के खनन करने से मगरमच्छ, घड़ियाल का जीवन भी संकट में है.
- रेत माफिया ने चंबल नदी को किया खोखला, अभ्यारण्य में साढ़े 3 सौ ट्रॉली स्टॉक जब्त
- रेत माफिया ने किया वन अमले पर पथराव, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, डंपर छुड़ा ले गए
एसपी बोले-जानकारी मिली है, कार्रवाई करेंगे
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का कहना है "रेत माफिया, सरकार और पुलिस का गठजोड़ है. इसलिए कोई जिम्मेदार कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहे हैं." ढोढर निवासी महेश ने बताया "हम सड़क किनारे रहते हैं. रेत माफिया ने इतना आतंक मचा रखा है कि अब तो डर लगने लगा है." इस मामले में एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल का कहना है "आपके माध्यम से जानकारी मिली है. जांच करवा लेते हैं. अगर ऐसा है तो निश्चित कार्रवाई की जाएगी. वैसे अवैध रेत खनन करने वालों के खिलाफ हमारी कार्रवाई निरंतर जारी है."

