ETV Bharat / state

श्योपुर बॉडग्रेज ट्रेन का सपना साकार, ग्वालियर से मुरैना आई रेल तो झूमा इलाका, चेक करें शेड्यूल

श्योपुर में साकार हुआ बड़ी रेल का सपना, वीरपुर पहुंची ट्रेन तो खुशी से झूमा क्षेत्र, दिसंबर तक श्योपुर पहुंचेगी ट्रेन. धीरज कुमार की रिपोर्ट.

SHEOPUR MEMU TRAIN LAUNCH
श्योपुर में पहली बार बॉडग्रेज पर दौड़ी मेमू ट्रेन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 20, 2026 at 5:17 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

श्योपुर: जिले में बड़ी रेल दौड़ने का वर्षों का सपना अब साकार हो गया है. पहली बार श्योपुर जिले की सीमा में ब्रॉडगेज ट्रैक पर मेमू ट्रेन यात्रियों को लेकर वीरपुर पहुंची. ट्रेन जैसे ही वीरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो लोगों ने भव्य स्वागत किया. वीरपुर के स्थानीय लोगों ने ट्रेन के पायलट और स्टाफ का माला पहनाकर स्वागत किया गया. खास बात यह रही कि जब यहीं ट्रेन वीरपुर से ग्वालियर के लिए रवाना हुई तो 35 यात्रियों ने टिकट कटवाकर इस नवीन रेल यात्रा का सफर किया.

दिसंबर तक चलेगी मेमू ट्रेन
ग्वालियर-श्योपुर ब्रॉडगेज कन्वर्जन प्रोजेक्ट में कैलारस-वीरपुर रेलखंड के लोकार्पण के साथ ही ग्वालियर-कैलारस मेमू ट्रेन संचालन का विस्तार करते हुए वीरपुर तक बढ़ाने का शुभारंभ किया गया. जिसमें श्योपुर जिले का भी करीब 20 किलोमीटर का क्षेत्र लाभान्वित हो रहा है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिसंबर माह तक मेमू ट्रेन को श्योपुर पहुंचने का दावा भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कर दिया है.

वीरपुर पहुंची ट्रेन तो खुशी से झूम उठा पूरा क्षेत्र (ETV Bharat)

यात्रियों का सफर होगा आसान और किफायती
दरअसल, लंबे समय से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब श्योपुर जिले के लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा और ग्वालियर मुरैना सहित आसपास क्षेत्रों में आने जाने का सफर पहले के मुकाबले आसान और किफायती होगा. उन्होंने बताया कि नई रेल सेवा से विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है.

अब रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ, रोजगार और व्यापार के लिए शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी. अब श्योपुर जिले के लोगो की नजर श्योपुर तक रेल पहुंचने पर टिकी है. उम्मीद जताई जा रही है कि रेल सेवा दिसम्बर माह तक वीरपुर से बढ़कर श्योपुर तक पहुंचेगी. यह बात भी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्चुअल के माध्यम से इसकी जानकारी भी दे दी.

ऐसा रहेगा ट्रेन का शेड्यूल
ग्वालियर-कैलारस-सबलगढ़-वीरपुर के करीब 118 किमी के ट्रेक पर 3 जोड़ी मेमू ट्रेनों का संचालन होगा. इसमें जिले के वीरपुर स्टेशन से ग्वालियर की ओर जो ट्रेनें चलेंगी. उनका समय सुबह 10.30 बजे, शाम को 4.45 बजे और रात में 7.45 बजे रहेगा. वहीं ग्वालियर से जो ट्रेनें आएंगी. वे वीरपुर स्टेशन पर सुबह 10 बजे. शाम 4.15 बजे और शाम 7.15 बजे पहुंचेगी. मंगलवार को दोपहर में ट्रेन का शुभारंभ हुआ, लिहाजा एक ही ट्रेन का संचालन हुआ, लेकिन अब आज 19 अगस्त से तीनों ट्रेनों का नियमित समय सारिणी अनुसार संचालन किया जाएगा.

वीरपुर पहुंची ट्रेन तो खुशी से झूम उठा पूरा क्षेत्र
ग्वालियर-श्योपुरकला आमान परिवर्तन परियोजना लगभग 188 किलोमीटर लंबी महत्वपूर्ण परियोजना है. जिसकी लागत लगभग 3,128 करोड़ रुपए है. इसमें अभी तक ग्वालियर-कैलारस ट्रैक चालू था. जिसमें मंगलवार को कैलारस-वीरपुर के 56 किलोमीटर आमान परिवर्तित ब्रॉडगेज रेलखंड का उ‌द्घाटन इस व्यापक परियोजना की महत्वपूर्ण कड़ी है. यही वजह है कि जब वीरपुर क्षेत्र के यात्री जिले की पहली बड़ी रेल का सफर करते हुए पहुंचे तो उनके चेहरे खिले हुए थे. यात्रियों ने कहा कि बरसों का सपना था, जो अब साकार हुआ है. ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही अब श्योपुर तक भी ट्रेन चलने लगेगी.