कूनो से लापता मादा चीता निर्वा, न लोकेशन मिली, न सैटेलाइट सिग्नल, एक सप्ताह से तलाश जारी
श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क से लगातार भाग रहे चीते, मादा चीता निर्वा फिर कई दिनों से गायब. रिपोर्ट धीरज बलोथिया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 26, 2026 at 10:48 PM IST
श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल से निकली मादा चीता निर्वा एक बार फिर लापता हो गई है. बीते 1 सप्ताह से उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है. वन विभाग की कई टीमें लगातार मादा चीता निर्वा की तलाश कर रही हैं और एक सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया है. इसके साथ ही 100 से अधिक वन कर्मियों की पांच टीमें भी जंगल में उतारी गई हैं. सभी टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में गश्त कर रही हैं. संभावित इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है.
खराब मौसम बना बाधा
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश और खराब मौसम के कारण सैटेलाइट कॉलर आईडी से सिंग्नल मिलने में परेशानी आ रही है. फिलहाल वन विभाग को निर्वा के कॉलर से केवल बीएचएफ सिंग्नल मिल रहे हैं. इसकी प्रभावी रेंज 500 मीटर तक होने के कारण घने जंगल में चीतों की सटीक लोकेशन तलाशना चुनौती बना हुआ है.
ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से तलाशी अभियान जारी
कूनो नेशनल पार्क की टीम ने निर्वा की तलाश के लिए विशेष 5 टीमों का गठन किया है. प्रत्येक टीम को जंगल में अलग-अलग हिस्सों में सर्च की जिम्मेदारी दी गई है. वन विभाग की टीम लगातार उन स्थानों पर निर्वा की तलाश कर रही है जहां उसकी सबसे ज्यादा मौजूदगी की संभावना है. इसके अलावा जमीनी स्तर पर ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कैमरे की मदद से चीता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
- इटारसी में प्लेटफॉर्म पर सो रहा था संदिग्ध, GRP ने तलाशी ली तो बैग ने उगला लाखों का कैश
- कूनो का महासंकट! जंगल की घास में हिरण नहीं पनपे, टेरेटरी छोड़ भगोड़े बन रहे चीते?
मादा चीता निर्वा के बार-बार कूनो नेशनल पार्क से बाहर होने की सूचना के बाद मॉनिटरिंग व्यवस्था को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं. वन्य जीव कार्यकर्ताओं ने तेंदुआ के शिकार और चीतों को बार-बार बेहोश किए जाने जैसे मामले का हवाला देते हुए निगरानी व्यवस्था पर चिंता जताई है. फिलहाल वन विभाग की टीम निर्वा की तलाश में जुट गई है.

