ETV Bharat / state

चीतों ने फिर की बॉर्डर क्रॉस, कूनो से भागकर राजस्थान के कोटा और बारां पहुंचे जंगल के धावक

श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क से निकले भारतीय चीतों का राजस्थान में मूवमेंट, वीडियो हुआ सर्कुलेट, ट्रैकिंग टीम लगातार कर रही मॉनिटरिंग.

CHEETAHS MOVEMENT RAJASTHAN
चीतों ने फिर की बॉर्डर क्रॉस (SHEOPUR KUNO NATIONAL PARK)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : March 23, 2026 at 9:30 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क में अब चीतों का कुनबा लगातार बढ़ रहा है. कूनो नेशनल पार्क की सीमा से निकलकर चीते अब राजस्थान की सीमा में पहुंच चुके हैं. भारतीय चीते अब टैरेटरी तलाश में घूमते नजर आ रहे हैं. कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में अभी 13 चीते हैं. इनमें से चार चीते तो कूनो नेशनल पार्क की सीमा से बाहर बने हुए हैं.

इनमें से दो भारतीय चीते राजस्थान की सीमा कोटा और बारां जिले में हैं और 2 चीते कुनो नेशनल पार्क की सीमा से बाहर सामान्य वन मंडल की सीमा में अपना दबदबा बनाए रखे हैं. हालांकि वन विभाग की ट्रैकिंग टीम भी लगातार इनकी मॉनिटरिंग कर रही है. यह भारतीय चीते अब अपने हिसाब से जीने के गुर सीख रहे हैं और शिकार भी कर अपना पेट भरते हुए देखे जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो सर्कुलेट होने के बाद नजदीकी इलाके के लोग चीतों का दीदार भी करने आ रहे हैं.

चीतों का वीडियो हुआ सर्कुलेट (ETV Bharat)

मध्य प्रदेश में 53 हुई चीतों की संख्या
कूनो नेशनल पार्क और गांधी सागर अभ्यारण्य में कुल चीतों की संख्या 53 हो गई है. 50 चीते तो कूनो नेशनल पार्क और गांधी सागर अभ्यारण्य में 3 चीते मौजूद हैं. कुनो नेशनल पार्क के बाड़े में 37 चीते हैं. 13 चीते खुले जंगल में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. कूनो नेशनल पार्क की टीम इन चीतों की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है.

कूनो की सीमा से बाहर निकले चीते, पहुंचे राजस्थान
कूनो नेशनल पार्क की सीमा से बाहर निकले भारतीय चीते राजस्थान के बारां जिले और कोटा जिले में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो भी सर्कुलेट हो रहा है. जिसमें दोनों चीते राजस्थान सीमा में पहुंचकर खेतों में देखे जा रहे हैं. KP-2 चीता फिलहाल बारां जिले से निकलकर कोटा जिले की रेंज में पहुंच गया है. जिनके पीछे कूनो नेशनल पार्क की टीम और राजस्थान रेंज के कर्मचारी और अफसर भी उनकी निगरानी बनाए रखे हैं. KP-1 नामक चीता फिलहाल बारां जिले की रिहायशी इलाके में देखा जा रहा है.

CHEETAHS MOVEMENT RAJASTHAN
राजस्थान के कोटा और बारां पहुंचे चीते (ETV Bharat)

कूनो नेशनल पार्क के दो चीते जिले की सीमा में घूम रहे हैं
हालांकि कूनो नेशनल पार्क की सीमा से निकलकर दो चीते केजीपी-1 और केजीपी-2 सामान्य वन विभाग की रेंज में घूम रहे हैं. इन चीतों की निगरानी कूनो नेशनल पार्क की टीम के साथ सामान्य वन मंडल और मुरैना जिले की पहाड़गढ़ रेंज का अमला कर रहा है. क्योंकि यह चीते मुरैना जिले की सीमा में घुसकर वापस श्योपुर जिलें की सीमा में पहुंच रहे हैं. इन पर भी वन विभाग की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए हैं.

कूनो नेशनल पार्क के डीएफओ आर थिरुकुराल ने बताया कि, ''वन विभाग की टीम द्वारा लगातार चीतों की मॉनिटरिंग की जा रही है. चीते फिलहाल स्वस्थ हैं और वह अपने हिसाब से राजस्थान की सीमा और मुरैना की सीमा में पहुंच जाते हैं और फिर वापस भी अपनी सीमा में लौटकर आ जाते हैं. फिलहाल 2 चीते बारां और कोटा जिले की सीमा में चहलकदमी कर रहे हैं, जिन पर वन विभाग की टीम निगरानी बनाए हुए है.''