फर्राटे मारते कूनो का चीता फिर पहुंचा राजस्थान, धौलपुर में आराम करने के बाद शिकार पर टूट पड़ा
कूनो नेशनल पार्क का चीता राजस्थान पहुंचा, धौलपुर के टाइगर रिजर्व क्षेत्र में किए 3 शिकार, वन विभाग की चिंता बढ़ी. धीरज बालोठिया की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 17, 2026 at 11:00 PM IST
श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क की सीमा से एक बार फिर बाहर निकलकर KP-3 चीता अब राजस्थान पहुंच गया है. इस बार चीते की मूवमेंट राजस्थान के धौलपुर इलाके में दर्ज की गई है. जहां वह टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंच गया है. लगातार चीता की बदलती लोकेशन और टाइगर की टेरिटरी में एंट्री ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है. वन विभाग की टीम लगातार चीते के मूवमेंट पर निगरानी बनाए हुए है. इस दौरान चीता ने 3 जानवरों का शिकार भी किया है.
धौलपुर के टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंचा चीता
चीता KP-3 पहले भी लंबे समय तक राजस्थान के जंगलों में भटक चुका है. वन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक यह चीता पूर्व में राजस्थान के बारां जिले में करीब 6 महीने से ज्यादा समय तक विचरण करता रहा था. इसके बाद घूमते-घूमते वह मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की सीमा तक पहुंच गया था.
KP-3 चीता के लगातार मूवमेंट और सुरक्षा को देखते हुए कूनो नेशनल पार्क की टीम ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया था. टीम ने KP-3 चीता को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित तरीके से पकड़कर कूनो नेशनल पार्क में छोड़ दिया था. लेकिन बीते 7-8 दिनों से कूनो नेशनल पार्क की सीमा लांघकर KP-3 चीता राजस्थान के धौलपुर के टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंच गया है.
धौलपुर में चीते ने 3 शिकार किए
KP-3 चीता राजस्थान के धौलपुर क्षेत्र के रिझौनी के करीब 7 किलोमीटर दूर बिलोनी गांव के आसपास है. वह गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर बथुआ खोह इलाके में पहुंच गया है. जहां उसने अपना पेट भरने के लिए करीब 3 जानवरों का शिकार कर चुका है.
इस मामले में धौलपुर के डीएफओ वी चेतन ने बताया कि "KP-3 चीता द्वारा 3 शिकार किए जाने के सबूत मिले है. कूनो नेशनल पार्क की ट्रैकिंग टीम और राजस्थान की वन विभाग की टीम उसकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है. कैमरे में चीता शिकार करते और आराम करते हुए भी कैद हुआ है."
- राजस्थान के जंगलों की सैर के बाद कूनो लौट रहा चीता KP-3, 2 महीने में नाप दिया 300 किलोमीटर जंगल
- चीता KP-2 सवाई माधोपुर के रिहायशी इलाके में पहुंचा, दहशत के चलते घरों में कैद लोग
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक KP-3 नई टेरिटरी की तलाश में लगातार लंबी दूरी तय कर रहा है. उसका बार-बार कूनो नेशनल पार्क छोड़कर राजस्थान पहुंचना, अब वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.

