कूनो नेशनल पार्क से दो चीतों ने लगाई 90 KM की रेस, राजस्थान की सीमा में घुसने की जिद
कूनो नेशनल पार्क की हद चीतों को स्वीकार नहीं. यहां से दौड़ लगा चीते राजस्थान के कई जिलों तक पहुंच रहे.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 25, 2026 at 1:00 PM IST
श्योपुर : कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर एक नहीं बल्कि दो चीते एक साथ बाहर निकल गए. दोनों चीते करीब 90 किलोमीटर का सफ़र तय कर श्योपुर के देहात थाना क्षेत्र के अडवाड़ गांव में पहुंचे. ग्रामीणों ने इनका वीडियो भी बनाया है, जिसमें दो चीते गांव की सीमा में प्रवेश करते सड़क पार करते और पेड़ की छांव में आराम करते हुए दिखाई दे रहे है. वन विभाग दावा कर रहा है कि टीमें चीतों की सुरक्षा के लिए मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग कर रही हैं.
चीतों के रिहायशी इलाके में पहुंचने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. चीतों की आहट के बाद अब ग्रामीणों ने अपने बच्चों और घर के बाहर घूम रहे जानवरों को अपने बाड़े में बांधना शुरू कर दिया है.
कॉलर आईडी से लोकेशन ट्रेस
सोमवार को श्योपुर के अडवाड़ गांव में कूनो नेशनल पार्क से निकले दो चीते पहुंच गए. चीतों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तत्काल वन विभाग की टीम भी अलर्ट मोड़ पर आ गई. कूनो नेशनल पार्क की टीम तुरंत सक्रिय होने के बाद चीतों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास करने में जुट गई है. वन विभाग की टीम चीतों की निगरानी और उसके कॉलर आईडी सिस्टम के माध्यम से लोकेशन भी ट्रेस कर रही है. वन विभाग की टीम लगातार गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है.

राजस्थान की सीमा में प्रवेश करने की तैयारी
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे चीतों के नजदीक जाने, उसका घेरा या किसी भी प्रकार की हलचल करने या किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें. ग्रामीणों को वन विभाग की टीम आश्वासन दे रही है कि वह लगातार चीतों की निगरानी कर रही है. कूनो नेशनल पार्क से निकले चीते अब लगातार राजस्थान सीमा की तरफ बढ़ रहे हैं. क्योंकि 10 किलोमीटर दूर ही मध्य प्रदेश और राजस्थान की पार्वती नदी पार कर राजस्थान की सीमा खातोली में प्रवेश कर जाएंगे. हालांकि वन विभाग की टीम चीतों को मध्य प्रदेश की सीमा में मोड़ने का प्रयास भी कर रहे हैं.
- कूनो से निकली चीता वीरा लाड़ले के साथ राजस्थान घूमकर पहुंची श्योपुर, खेतों में धमाचौकड़ी
- चीतों ने फिर की बॉर्डर क्रॉस, कूनो से भागकर राजस्थान के कोटा और बारां पहुंचे जंगल के धावक
राजस्थान के जिलों में भ्रमण करते हैं चीते
लगता है कूनो नेशल पार्क के चीतों को राजस्थान की आबोहवा ज्यादा रास आ रही है. क्योंकि अब तक कई चीते राजस्थान की सैर कर चुके हैं. हालांकि वन अमले की टीम इनकी मॉनीटरिंग कर कई बार वापस कूनो ला चुकी है. लेकिन बीते 7-8 माह से लगातार चीते राजस्थान के जिलों का भ्रमण कर रहे हैं. कूनो नेशनल पार्क श्योपुर जिले में पड़ता है और ये चीते श्योपुरी से सटे राजस्थान के जिलों तक बड़ी आसानी से पहुंच रहे हैं.

