गांवों में सैर सपाटे पर निकले मध्य प्रदेश के 13 चीते, कूनो छोड़ रिहायशी इलाकों में मौज
मध्य प्रदेश में रिहायशी इलाकों की सैर पर कूनो नेशनल पार्क के 13 चीते, एक वीडियो में शिकार की तलाश में बैठा चीता, घबराए ग्रामीण.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 1:03 PM IST
|Updated : January 8, 2026 at 1:21 PM IST
श्योपुर: कूनो नेशनल पार्क के चीते जब मन करता है तो, वे बाहर की सैर करने निकल पड़ते हैं, तभी तो आए दिन चीतों को कूनो की सीमा के बाहर जंगलों और रिहायशी इलाकों में पाया जाता है. अभी एक चीते का वीडियो सामने आया है, जो रिहायशी इलाके में पहुंच गया है. खास बात यह है कि इस समय कूनो की सीमा से एक-दो नहीं बल्कि 13 चीता बाहर घूम रहे हैं. वहीं चीतों को ग्रामीण क्षेत्र में देखे जाने के बाद लोगों में दहशत है. चीता ट्रैकिंग टीम लगातार चीता को ट्रैक कर निगरानी बनाए हुए है.
रिहायशी इलाके में पहुंचा चीता
श्योपुर के विजयपुर क्षेत्र के धोरेरा गांव में गुरुवार को खेतों के पास सड़क किनारे एक चीता देखा गया है. जिसका वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया है. चीता अपनी भूख मिटाने के लिए अपने शिकार की तलाश करता हुआ नजर आ रहा है. चीता खेत के पास बनी पत्थर की बाउंड्री पर बैठा, अपने शिकार की तलाश में नजर आ रहा है. खेतों पर रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है.
खेतों पर रहने वाले लोगों में हड़कंप
जानकारी के मुताबिक खेतों पर रहने वाले किसानों को चीता की जानकारी लगी, तो वह काम को छोड़कर अपने घरों में चले गए, क्योंकि उनको डर है कि कहीं चीता उनके ऊपर हमला न कर दे. वहीं वन विभाग की ट्रैकिंग टीम चीतों पर निगरानी बनाए हुए हैं. ग्रामीणों के अनुसार, चीते पहले भी गांव के पास आ चुके हैं, वन विभाग ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि चीते इंसानों पर हमला नहीं करते. ग्रामीणों से किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने को कहा गया है.

धोरेरा गांव के ग्रामीण दिलीप, पंकज और दीपक ने बताया कि "हमने सुबह चीता को सड़क किनारे देखा है. गांव में दहशत का माहौल है. चीता किसी पर हमला न कर दे, इस बात से ग्रामीणों में डर बना हुआ है."
- अफ्रीकन चीतों के तीसरे घर पर मंडराई काली छाया! पड़ोस में काल के गाल में समाए बाघ
- ग्वालियर एनएच पर चीता गामिनी के शावक को अज्ञात वाहन ने उड़ाया, 48 घंटे में दो चीतों की मौत
सीसीएफ बोले-चीता इंसानों के लिए खतरा नहीं
सीसीएफ उत्तम शर्मा ने बताया कि " ये बात सही बात है कि 13 चीते खुले जंगल में घूम रहे हैं. लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि चीते लोगों पर हमला नहीं करते है. हमारी ट्रैकिंग टीम उन पर निगरानी बनाए हुए है. कूनो में वर्तमान में 27 चीते हैं, जिसमें से 13 चीते खुले जंगल में है और 14 चीते बाड़े में है. बाड़े में रह रहे चीतों की देखभाल की जा रही है."

