ETV Bharat / state

50 साल पुरानी स्कूल बिल्डिंग खस्ताहाल, दीवारों में दरारें, रोज उखड़ रहा छत का प्लास्टर

श्योपुर के हरि सिंह का पुरा प्राइमरी स्कूल की बिल्डिंग जर्जर. बारिश के दौरान हादसे का खतरा. मजबूरी में यहीं लग रही कक्षाएं.

Sheopur school building dilapidated
श्योपुर में 50 साल पुरानी स्कूल बिल्डिंग खस्ताहाल (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 2, 2026 at 3:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

श्योपुर : विजयपुर विकासखंड के तहत आने वाले हरि सिंह का पुरा प्राथमिक विद्यालय भवन खस्ताहाल है. स्कूल भवन की दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं. छत का प्लास्टर उखड़ने लगा है. बरसात का पानी सीधे कमरों में भर जाता है. हालात इतने खराब हैं कि बारिश के दौरान बच्चों को बैठने के लिए जगह तक नहीं है. स्कूल बाहर से भले ही ठीक दिखता हो लेकिन अंदर जाने पर पता चलता है कि खतरा कितना बड़ा है.

हल्की सी बारिश में कक्षाओं में पानी भरा

स्कूल में शौचालय की व्यवस्था नहीं है. किचन शेड भी नहीं है. समस्या को लेकर शिक्षक लगातार प्रशासन को पत्र लिख रहे है. लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. स्कूल के शिक्षक मुकेश कुमार मांझी ने बताया "भवन की स्थिति बेहद खराब है. सिर्फ 10 मिनट की बारिश में स्कूल पानी से भर जाता है. ऊपर से विभाग के निर्देश हैं कि जर्जर भवन में बच्चों को नहीं बैठाया जाए. लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं है. यह भवन वर्ष 1976 में बना था और आज तक न नया भवन मिला, न मूलभूत सुविधाएं."

जर्जर स्कूल भवन में शिक्षक भी सहमे रहते हैं (ETV BHARAT)

मरम्मत राशि बेहद कम, वापस लौटाई

स्कूल में पीने के पानी, शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था तक नहीं है. शाला प्रभारी रामरूप मीणा ने बताया "विद्यालय की समस्या नई नहीं है. हर महीने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर भवन, किचन, शौचालय, पेयजल और बैठने की व्यवस्था की मांग की जाती रही है. लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला. विभाग ने मरम्मत के लिए 20 हजार रुपये स्वीकृत किए थे, लेकिन इतनी राशि में जर्जर भवन की मरम्मत संभव नहीं थी, इसलिए राशि वापस कर दी गई."

Sheopur school building dilapidated
रोज उखड़ रहा छत का प्लास्टर (ETV BHARAT)

जर्जर स्कूल भवनों का सर्वे

बीआरसीसी उमाकांत वशिष्ठ का कहना है "केवल हरि सिंह का पुरा ही नहीं, बल्कि पूरे विजयपुर ब्लॉक के जर्जर विद्यालयों का सर्वे कराया गया है. कलेक्टर के निर्देशानुसार ऐसे सभी स्कूलों में कक्षाएं संचालित नहीं करने के आदेश जारी किए गए हैं. यदि कहीं जर्जर भवन में पढ़ाई हो रही है तो जांच कर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी."

"पंचायत भवन, आंगनवाड़ी या आवश्यकता पड़ने पर निजी भवन में भी कक्षाएं संचालित की जाएंगी. हरि सिंह का पुरा प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत का प्रस्ताव वार्षिक योजना के तहत भोपाल भेजा गया है और राशि मिलने के बाद आवश्यक कार्य कराया जाएगा. ब्लॉक के सभी विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट डीपीसी कार्यालय भेजी जा चुकी है."