श्योपुर के स्कूल में पढ़ रहे थे बच्चे, अचानक भरभरा कर गिरी किचन की छत, 2 साल से था जर्जर
श्योपुर के शासकीय स्कूल परिसर में मौजूद किचन की छत गिरी, हादसे के दौरान कक्षा में बैठे थे सभी बच्चे, अब आंगनबाड़ी में लगेंगी कक्षाएं.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 10, 2026 at 7:08 PM IST
श्योपुर: श्री जी की गांवड़ी गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टला. यहां विद्यालय परिसर के पास बनी किचन की छत अचानक भरभरा कर गिर गई. इस दौरान स्कूल में बच्चे पढ़ाई भी कर रहे थे. लेकिन घटना के समय आसपास कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी घटना टल गई. इस हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को भेजा है.
2 साल से जर्जर था किचन शेड
श्योपुर के ग्राम श्री जी की गांवड़ी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में मौजूद किचन शेड पिछले 2 वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा हुआ था. लंबे समय से इस रसोई का उपयोग भी नहीं किया जा रहा था. स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इस मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई थी. उसके बाद भी जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इस किचन शेड की मरम्मत का कोई कार्य नहीं किया. मंगलवार को करीब 3 बजे के आसपास किचन शेड की छत भरभरा कर गिर गई, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

हादसे के समय क्लास में थे सभी बच्चे
श्री जी गांवड़ी गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बाबूलाल विसारिया ने बताया, "घटना के समय स्कूल में कक्षा संचालित की जा रही थी. इस दौरान स्कूल के सभी बच्चे क्लासरूम में पढ़ाई कर रहे थे. किचन स्कूल भवन से अलग बाहर ही बना हुआ है, इस कारण कोई भी बच्चा या शिक्षक इसकी चपेट में नहीं आया है. अगर आसपास कोई भी शिक्षक या स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे होते, तो जनहानी भी हो सकती थी."
अधिकारियों को दी थी जानकारी, नहीं हुई मरम्मत
प्रभारी प्राचार्य ने कहा, " हमने पूर्व में भी वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया था लेकिन इसकी मरम्मत नहीं कराई गई. 2 साल पहले से किचन शेड का ताला लगा हुआ था. इसको अनुपयोगी मानकर इसमें खाना नहीं बनाया जाता था. अब हादसे के बाद प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर आएं हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है."
- पानी पीने स्कूल से गांव की दौड़, 'ज' से जल पढ़ने वाले बच्चों का सवाल- स्कूल में कब आएगा नल?
- अनूपपुर में मासूमों के लिए साफ पानी बेशकीमती, गंदे पानी में पक रहा स्कूल का खाना
आंगनबाड़ी केंद्र से अब चलेंगी कक्षाएं
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एमएल गर्ग ने बताया, " घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की है. अभी वर्तमान में स्कूल की किचन शेड की छत गिरी है. लेकिन उस स्कूल की भी हालात सही नहीं है. इसलिए फिलहाल स्कूल परिसर में क्लास संचालित न करते हुए पास के आंगनबाड़ी केंद्र में क्लास शुरू करवाई जाएगी. इस संबंध में डीपीसी (डिस्टिक प्लानिंग कमेटी) को पत्र लिखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी."

