गंदी फिल्म दिखाकर होम ट्यूटर ने की दो नाबालिग बहनों से घिनौनी हरकत, आरोपी को 20 साल की सजा
शेखपुरा कोर्ट ने गंदी फिल्म दिखाकर दो नाबालिग बहनों से घिनौनी हरकत करने वाले होम ट्यूटर को 20 साल की सजा सुनाई है. पढ़ें..

Published : February 25, 2026 at 6:30 PM IST
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा में होम ट्यूटर को सजा सुनाई गई है. मोबाइल फोन पर गंदी फिल्म दिखाकर दो नाबालिग सगी बहनों के साथ घिनौनी हरकत करने के मामले में वह दोषी साबित हुआ है. अदालत ने आरोपी को 20 वर्ष की सजा के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया है.
गंदी हरकत करने वाला ट्यूटर दोषी करार: पॉक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश कुमार अविनाश ने आरोपी ट्यूटर गौतम केसरी को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष का कठोर कारावास और 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है. सजा सुनाए जाने के बाद शहर के महारानीपुरम निवासी आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. मामला 4 नवंबर 2022 का है.
स्पीडी ट्रायल के तहत केस दर्ज होने के साढ़े तीन साल के भीतर ही फैसला सुनाया गया. इस दौरान कुल 132 तारीखों पर सुनवाई हुई. अभियोजन पक्ष ने बताया कि तत्कालीन एसपी कार्तिकेय शर्मा और अनुसंधानकर्ता की सक्रिय भूमिका के कारण हर तारीख पर गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सकी, जिससे मामला मजबूती से आगे बढ़ा.
सीसीटीवी में कैद हुई थी घिनौनी हरकत: गौतम केसरी दोनों नाबालिग बहनों को घर जाकर ट्यूशन पढ़ाता था. पढ़ाई के कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था. जब बच्चियों ने एक दिन टॉयलेट में जलन की शिकायत की तो मां को संदेह हुआ. मां ने सीसीटीवी फुटेज निकालकर देखा तो पता चला कि ट्यूटर मोबाइल फोन पर गंदा वीडियो दिखाकर बच्चियों के साथ जबरदस्ती गंदी हरकत कर रहा था.
उसके बाद परिजनों ने उसी दिन (4 नवंबर 2022) को सदर थाने में मामला दर्ज कराया. जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद से ही वह जेल में बंद था. सोमवार को कोर्ट ने उसे दोषी करार दिया था, वहीं आज यानी बुधवार को सजा सुनाई गई. इंसाफ मिलने पर पीड़िता के माता-पिता ने संतोष जाहिर किया.
बेटी के लिए पिता ने बेच दी दुकान: इस मामले में पीड़ित पिता की संघर्ष गाथा भी सामने आई है. अदालत की तारीखों और वकीलों की फीस के लिए उन्होंने अपनी वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान तक बेच दी. परिवार ने कष्ट झेले लेकिन बेटियों को न्याय दिलाने का संकल्प नहीं छोड़ा. सजा के वक्त पिता की आंखों में आंसू थे लेकिन चेहरे पर संतोष और जीत की चमक साफ दिखाई दे रही थी.
ये भी पढ़ें:
छात्रा के साथ प्रोफेसर ने की 'गंदी बात', पीड़िता और उसकी मां ने प्रोफेसर को पीटा, छात्रों का हंगामा
डांस शिक्षक गिरफ्तार, नृत्य सिखाने के क्रम में छात्रा से करता था अश्लील हरकतें
छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करते धराया प्रिंसिपल, ग्रामीणों ने काटा जमकर बवाल

