शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर फ्रॉड, ओडिशा के कारोबारी से करोड़ों की ठगी
ओडिशा के कारोबारी से 2 करोड़ रुपये की ठगी हुई है. रायपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 7, 2026 at 6:36 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठगी की वारदात पर रोक नहीं लग पा रही है. शातिर तरीके से ठग अलग अलग वारदात को अंजाम दे रहे हैं. रायपुर में एक ऑफलाइन ठगी का मामला आया है. जिसमें ओडिशा के कारोबारी से रायपुर में लगभग 2 करोड़ रुपये की ठगी हुई है.
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर ठगी
शातिर ठगों ने ओडिशा के कारोबारी को शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का लालच दिया. आरोपियों के लालच में कारोबारी आ गया और उसने रायपुर के होटल में आरोपियों को 2 करोड़ रुपये नगद दे दिए. पैसे देने के बाद व्यापारी ने मुनाफा मांगा तो आरोपी गायब हो गए. इसके बाद कारोबारी को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ. मंगलवार को पीड़ित कारोबारी ने देवेंद्र नगर थाने में केस दर्ज कराया. उसके बाद रायपुर पुलिस फरार ठगों की तलाश में जुट गई है.
ओडिशा के कारोबारी नेमीचंद ने पुलिस को बताया कि रायपुर के अजीत पात्रा, सुमित नंदा, विकास साहू, अजय त्रिपाठी और अर्चना अग्रवाल ने शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा दिया. 15 दिसंबर को मुझसे 2 करोड़ रुपये ले लिए और ठगी की वारदात को अंजाम दिया. इस मामले में पीड़ित कारोबारी ने मंगलवार देवेंद्र नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है- जितेंद्र असैया, थाना प्रभारी, देवेंद्र नगर
जानिए कैसे हुई ठगी ?
फ्रॉड के आरोपियों ने ओडिशा के कारोबारी नेमीचंद को शेयर ट्रेडिंग का झांसा दिया. आरोपियों ने कहा कि अगर आप 2 करोड़ रुपये ट्रेडिंग के लिए दोगे तो हम आपको 2 करोड़ 40 लाख रुपये देंगे. इसके बाद नेमीचंद ने अपने रिश्तेदार से 2 करोड़ रुपये उधार लिए और आरोपियों को दे दिया. जब पैसे वापस नहीं मिले तो कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ और उसने थाने में एफआईआर दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई.

