शाहजहांपुर पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद; बीजेपी पर जमकर साधा निशाना
शंकराचार्य के कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के तमाम विधायक और पदाधिकारी भी शामिल हुए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 6:59 AM IST
शाहजहांपुर: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद शाहजहांपुर पहुंचे. यहां मुस्लिम समुदाय ने भी उनका स्वागत किया. इकराम मुस्लिम संगठन के लोगों ने मंच पर जाकर शंकराचार्य की लंबी उम्र की प्रार्थना की और ज्ञापन देकर गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की.
इस दौरान शंकराचार्य शंकराचार्य ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर उन्होंने कहा पीएम और सीएम ऑफिस से जो आदेश होगा अधिकारी वही करेंगे.
राम मंदिर ट्रस्ट में उन लोगों को रखना चाहिए जो लोग राममंदिर के पक्षधर या धर्माचार्य थे. मंदिर के ट्रस्ट में अपने खास लोगों को रखा गया है. उन्होंने कहा कि जनता अब उसी को वोट करेगी जो गाय की रक्षा करेगा और गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करेगा.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के मंच पर पहुंचे मुस्लिम संगठनों ने उनका स्वागत किया और शंकराचार्य की लंबी उम्र की प्रार्थना की. इस दौरान मुस्लिम संगठनों ने प्रधानमंत्री के नाम से ज्ञापन देकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की. मुस्लिम समुदाय ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कराने के लिए मुस्लिम समुदाय शंकराचार्य के साथ खड़ा है.
शंकराचार्य के कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के तमाम विधायक और पदाधिकारी भी शामिल हुए. आपको बता दें कि गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा जिसमें गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज द्वारा विगत 3 मई से 81 दिवसीय यात्रा का शुभारंभ किया गया था जो आगामी 24 जुलाई को लखनऊ में बड़े आयोजन के साथ समाप्त होगी.
इसी क्रम में शाहजहांपुर में कुंवर जयेश प्रसाद के यहां आयोजित कार्यक्रम में शंकराचार्य ने भाग लिया. कुंवर जयेश प्रसाद ने सपरिवार शंकराचार्य का स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार को निशाने पर लेते हुए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को हिंदू विरोधी बताते हुए बीजेपी को नकली हिंदुओं की सरकार तक कह डाला.
शंकराचार्य ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी भी इन्हीं की देन है, जिसमें बीजेपी द्वारा छोटे लोगों को जेल भेजकर बड़े चोरों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर पर कहा कि आज बीजेपी सरकार में सीधे एनकाउंटर किए जा रहे हैं, जबकि कानून भी इसकी इजाजत नहीं देता. यदि व्यक्ति मुजरिम है, तो भी उसे अपनी बात कहने और अपना पक्ष रखने का पूर्ण अधिकार है.
बीजेपी सरकारें एक तरफ एनकाउंटर दूसरी तरफ बुलडोजर का भय दिखाकर लोगों को खामोश रहने पर मजबूर कर रही है. उन्होंने सरकार को जरनल डायर की तरह बताया कि जिस तरह से जरनल डायर ने कत्ले आम किया था, उसी तरह इस सरकार में सीधे एनकाउंटर करके किया जा रहा है.
उन्होंने कहा सनातनी होने का ढोंग रचने वाली बीजेपी सरकार असल में नकली हिंदुओं की सरकार है, क्योंकि जितने मंदिर 700 साल में मुगलों के शासन में नहीं टूटे उससे अधिक मंदिर बीजेपी और नकली हिंदुओं की सरकार में टूट चुके हैं.
उन्होंने कहा कि इसका प्रमाण उनके पास है. किस तरीके से एक-एक शिवलिंग को नालों से निकालकर लंका थाने पहुंचाया है. वह एक तरफ हिंदू होने का ढोंग करते हैं, दूसरी तरफ मंदिर पर मंदिर तोड़ रहे हैं.
शंकराचार्य ने कहा कि जब सरकार से पिछले 12 वर्षों से गाय को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग के बावजूद उनकी मांग पूरी नहीं हुई. तब मजबूरन उन्हें गाय को बचाने के लिए उतरना पड़ा.
उन्होंने कहा कि जिस गाय के नाम से देश और प्रदेश में सरकार बनाने वालों के राज्य से पहले 2014 में देश बीफ एक्सपोर्ट 14 वें नंबर पर था आज उन्हीं नकली गौभक्तों और नकली हिंदुओं की सरकार में देश बीफ एक्सपोर्ट में ब्राजील के बाद दूसरे पायदान पर खड़ा है. यह हम सभी हिंदुओं के लिए शर्म की बात है.

